टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी ओवर की पांचवी गेंद पर पहला झटका लगा। सलामी बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी 5 रन बनाकर रनआउट हुए। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच केवल 13 रन की साझेदारी हुई। गोस्वामी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान केन विलियमसन और धवन दोनों ने मिलकर सनराइजर्स हैदराबाद की पारी को संभाला लेकिन 9वें ओवर की तीसरी गेंद रविन्द्र जडेजा ने शिखर धवन (26) को क्लीन बोल्ड किया। दूसरे विकेट के दोनों बल्लेबाजों के बीच 51 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद 13वें ओवर की पहली गेंद सनराइजर्स हैदराबाद को सबसे बड़ा झटका लगा। कर्ण शर्मा ने कप्तान केन विलियमसन को स्टंप आउट कराया। वह 36 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन की शानदार पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए शाकिब और विलियमसन के बीच 37 रन की साझेदारी हुई। वहीं, 16वें ओवर की पांचवी गेंद पर ड्वेन ब्रावो ने शाकिब अल हसन (23) को सुरेश रैना के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। चौथे विकेट के शाकिब और पठान के बीच 32 रन की साझेदारी हुई।
इसके अलावा 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर लुंगी एन्गिडी ने दीपक हूडा (3) को स्थानापन्न खिलाड़ी ध्रुव शौर्य के हाथों कैच आउट कराया। इसके अलावा आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने कार्लोस ब्रेथवेट (21) को अंबाती रायुडू के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। छठे विकेट के लिए यूसुफ पठान और ब्रैथवेट के बीच 34 रन की साझेदारी हुई।
इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2018 के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। दोनों टीमों में बदलाव किए गए थे। चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपनी टीमों में एक बदलाव किया था। सीएसके के कप्तान एमएस धोनी ने हरभजन सिंह की जगह कर्ण शर्मा को टीम में शामिल किया था। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीमों में दो बदलाव किए थे। एसआरएच के कप्तान केन विलियमसन ने अपनी टीम में ऋद्धिमान साहा की जगह श्रीवत्स गोस्वामी और खलील अहमद की जगह संदीप शर्मा को जगह दी थी।
टीमें:-
चेन्नई सुपरकिंग्स: शेन वॉटसन, फाफ डू प्लेसी, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायडू, दीपक चाहर, लुंगी एन्गिडी, कर्ण शर्मा, शार्दुल ठाकुर।
सनराइजर्स हैदराबाद: शिखर धवन, श्रीवत्स गोस्वामी, केन विलियम्सन (कप्तान), शाकिब अल हसन, दीपक हूडा, यूसुफ पठान, कार्लोस ब्रैथवेट, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल,संदीप शर्मा।