इससे पहले मुंबई ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य रखा है। बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी तो रही, लेकिन 2.4 ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (15) के रूप में मुंबई को पहला झटका लगा। पहले विकेट के लिए डिकॉक ने रोहित के साथ मिलकर 24 रन की साझेदारी की।
डिकॉक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए एविन लेविस ने कप्तान रोहित के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 99 रन तक पहुंचाया। मगर 13वें ओवर की पहली गेंद पर मिशेल सैंटनर ने लेविस को ब्रावो के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 30 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए रोहित और एविन के बीच 75 रन की साझेदारी हुई। इसके तुरंत बाद इमरान ताहिर ने 13.1 ओवर में क्रुणाल पांड्या को सैंटनर के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद 16.2 ओवर में मुंबई को कप्तान रोहित शर्मा के रूप में चौथा झटका लगा। सैंटनर ने रोहित को मुरली विजय के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। रोहित ने 48 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। किरोन पोलार्ड (13*) के साथ हार्दिक पांड्या 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। चेन्नई की तरफ से मिशेल सैंटनर ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
इससे पहले चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। धोनी की गैरमौजूदगी में खेल रही चेन्नई ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। कार्यवाहक कप्तान सुरेश रैना ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव करते हुए मिशेल सैंटनर, ध्रुव शौरी और मुरली विजय को टीम में जगह दी है, जबकि एमएस धोनी, रविंद्र जडेजा और फाफ डु प्लेसिस को बाहर बिठाया है। दूसरी तरफ मुंबई ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए बेन कटिंग की जगह एविन लेविस और मयंक मारकंडे की जगह अनूकुल रॉय को शामिल किया है।
इस प्रकार है दोनों टीमेंः
चेन्नई : मुरली विजय, शेन वाटसन, सुरेश रैना (कप्तान), केदार जाधव, अंबाती रायुडू (विकेटकीपर), ध्रुव शौरी, मिशेल सैंटनर, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, हरभजन सिंह, इमरान ताहिर।
मुंबई : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एविन लेविस, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, सूर्यकुमार यादव, राहुल चाहर, अनूकुल रॉय, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा।