सिडनी सिक्सर्स से मैच गंवाने के बाद पूर्व चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के सामने मंगलवार को अब हाईवेल्ड लायंस को हराने की कड़ी चुनौती होगी। चेन्नई की टीम ग्रुप ‘बी’ में अपना पहला मुकाबला रविवार को सिडनी सिक्सर्स से 14 रन से गंवा चुकी है जबकि लायंस रविवार को ही खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर चार अंक अपने नाम कर चुका है।
सिडनी के खिलाफ पिछले मुकाबले में चेन्नई का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। खासकर मुरली विजय, एस बद्रीनाथ और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने निराश किया था। हालांकि सुरेश रैना इस समय अच्छी फर्म में दिखाई दे रहे हैं और उन्होंने 57 रनों की पारी खेली थी। बल्लेबाजों के साथ ही चेन्नई के गेंदबाजों का भी पिछले मैच में प्रदर्शन स्तरीय नहीं था।
अश्विन भले ही दो विकेट लेने में सफल रहे लेकिन वह खासे महंगे साबित हुए थे। इसके अलावा रविद्र जडेजा, बेन हिलफेनहास कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। दूसरी ओर लायंस के बल्लेबाज नील मैकेंजी और क्विंटान डी काक जबरदस्त फार्म में है। इसके अलावा उसके पाससोहेल तनवीर, डर्क नैंस, क्रिस मौरिस और आरोन फैनगिसो जैसे गेंदबाज हैं जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करने का माद्दा रखते हैं।