फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WI vs AUS: ऑस्ट्रेलिया-विंडीज टेस्ट में बवाल, कैरी के इस कैच पर विवाद, कोच सैमी ने अंपायरों पर लगाए गंभीर आरोप

Fri, 27 Jun 2025 11:15 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

सार

ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर कैरी ने डाइव लगाकर गेंद पकड़ी और कैच की अपील की। इस पर फील्ड अंपायर्स ने फैसले को टीवी अंपायर को रेफर किया। टीवी अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप को आउट देने का फैसला किया। होप ने अपनी 48 रन की पारी में 91 गेंदें खेलीं और पांच चौके लगाए। 
विज्ञापन
डैरेन सेमी ने अंपायरों पर निशाना साधा है - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच बारबाडोस में खेला जा रहा टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। दो दिन के अंदर तीसरी पारी की शुरुआत हो चुकी है। पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी मं 190 रन बनाए और कंगारुओं पर 10 रन की बढ़त हासिल की। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। कंगारुओं की बढ़त 82 रन की हो चुकी है। टेस्ट में अभी तीन दिन बचे हैं और ऐसे में नतीजा आना तय माना जा रहा है। हालांकि, इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी के एक कैच पर विवाद हो गया है। वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने अंपायरों पर पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए हैं। कैरी के कैच की वजह से शाई होप को पवेलियन लौटना पड़ा। आइए पूरा मामला जानते हैं...
विज्ञापन

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी के दौरान 72 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप के बीच साझेदारी हुई। दोनों ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को 130 रन के पार पहुंचाया। पारी के 58वें ओवर में होप जब 48 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे तो ब्यू वेबस्टर की एक गेंद होप के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर कैरी के पास पहुंची। कैरी ने डाइव लगाकर गेंद पकड़ी और कैच की अपील की। इस पर फील्ड अंपायर्स ने फैसले को टीवी अंपायर को रेफर किया। टीवी अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद होप को आउट देने का फैसला किया। होप ने अपनी पारी में 91 गेंदें खेलीं और पांच चौके लगाए। 



कोच सैमी ने उठाए सवाल
हालांकि, सैमी को टीवी अंपायर का यह फैसला पसंद नहीं आया। उन्होंने दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, 'हां, देखिए, आप खुद को ऐसी स्थिति में नहीं डालना चाहते जहां आप कुछ अंपायरों के बारे में सोचने लगें। क्या हमारी टीम के खिलाफ अंपायरों के मन में कुछ है? जब आप लगातार एक के बाद एक इस तरह के फैसले देखते हैं, तो यह सवाल मन में उठता है। मुझे पता है कि वह (अंपायर) इस सीरीज के लिए यहां हैं। आप नहीं चाहेंगे कि टेस्ट मैच में आपके मन में इस तरह का शक आए।' सोशल मीडिया पर भी इस कैच को लेकर जमकर विवाद हो रहा है और फैंस दो हिस्सों में बंट गए हैं।



इस टेस्ट में कई और अंपायरिंग फैसलों पर विवाद
कुछ फैंस का मानना है कि गेंद विकेटकीपर कैरी के दस्तानों में जाने से पहले जमीन पर टकरा चुकी थी। हालांकि, अंपायर के पास क्लीयर एविडेंस न होने की वजह से इसे कैच आउट करार दिया गया। होप और चेज के बीच छठे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी हुई। होप आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। उनके आउट होते ही विंडीज की पारी 190 रन पर सिमट गई। इतना ही नहीं इस टेस्ट में कुछ और फैसलों पर भी सवाल खड़े हुए हैं। चेज के आउट होने पर भी विवाद हुआ था। उन्हें कमिंस की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट दिया गया था, जबकि डीआरएस में रिप्ले में दिखा था कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर जा रही है और स्निकोमीटर पर स्पाइक नजर आया था। 

हेड को दिया गया नॉटआउट
इतना ही नहीं, ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान ट्रेविस हेड को लेकर वेस्टइंडीज की कैच की अपील को अंपायरों ने नकार दिया। रिप्ले में दिख रहा था कि गेंद दस्तानों में गई थी, लेकिन फिर भी हेड नॉटआउट दिए गए। इन सभी ने सैमी को अंपायरिंग पर सवाल उठाने को लेकर मजबूर किया। इस टेस्ट के लिए फील्ड अंपायर्स भारत के नितिन मेनन और इंग्लैंड के रिचर्ड कैटलबॉरो हैं, जबकि तीसरे अंपायर दक्षिण अफ्रीका के एड्रियन होल्डस्टॉक हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस दौरे पर स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के बिना आई है।




दूसरे दिन का खेल समाप्त
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हेड 13 रन और वेबस्टर 19 रन बनाकर नाबाद हैं। सैम कोंस्टास पांच रन, उस्मान ख्वाजा 15 रन, कैमरन ग्रीन 15 रन और जोश इंगलिस 12 रन बनाकर आउट हुए। उससे पहले वेस्टइंडीज की पहली पारी में क्रेग ब्रेथवेट चार रन, जॉन कैंपबेल सात रन, कीसी कार्टी 20 रन और ब्रैंडन किंग 26 रन बनाकर आउट हुए थे। जोमेल वॉरिकन खाता नहीं खोल सके। वहीं, चेज ने 108 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 44 रन की पारी खेली। जस्टिन ग्रीव्स चार रन, शमार जोसेफ आठ रन और जेडन सील्स दो रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी जोसेफ 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
वहीं, ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में कोंस्टास और ग्रीन तीन-तीन रन बनाकर आउट हुए। जोश इंगलिस पांच रन, ब्यू वेबस्टर 11 रन और एलेक्स कैरी आठ रन बनाकर आउट हुए थे। उस्मान ख्वाजा ने 47 रन और ट्रेविस हेड ने 59 रन की पारी खेली। कप्तान कमिंस 28 रन और हेजलवुड चार रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क खाता नहीं खोल सके। नाथन लियोन नौ रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान वेस्टइंडीज की ओर से जेडन सील्स ने पांच और शमार जोसेफ ने चार विकेट झटके, जबकि जस्टिन ग्रीव्स को एक विकेट मिला। वहीं, वेस्टइंडीज की पहली पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क ने तीन विकेट झटके। हेजलवुड, कमिंस और वेबस्टर को दो-दो विकेट मिले। लियोन को एक विकेट मिला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें