श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
सवाल 1: भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान कौन बना है?
जवाब: श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की कमान सौंपी है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : IANS
सवाल 2: श्रेयस अय्यर को कप्तानी क्यों मिली?
जवाब: पिछले कुछ वर्षों में श्रेयस ने बल्लेबाज और कप्तान दोनों रूपों में खुद को साबित किया है।
- आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया।
- आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया।
- आईपीएल 2026 में भी लगभग 500 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया।
- टीम प्रबंधन 2028 टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक को ध्यान में रखकर लंबी अवधि का कप्तान तैयार करना चाहता है।
- लगातार अच्छा प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता उनके पक्ष में गई।
- घरेलू टूर्नामेंट में भी वो कप्तानी करते हैं।
अजीत अगरकर-सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ANI/BCCI
सवाल 3: सूर्यकुमार यादव से कप्तानी क्यों छीनी गई?
जवाब: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप जीता था, लेकिन उसके बाद उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। एशिया कप और अन्य अहम मुकाबलों में उनका बल्ला शांत रहा। आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर रही। चयनकर्ताओं ने भविष्य की योजना को देखते हुए नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया। सबसे बड़ा झटका यह रहा कि सूर्यकुमार सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि टीम में अपनी जगह भी नहीं बचा सके।
अजीत अगरकर ने कहा कि विश्व कप जीतने के बावजूद टीम प्रबंधन को अगले दो वर्षों के चक्र को ध्यान में रखते हुए कुछ बड़े फैसले लेने पड़े। उन्होंने कहा, 'सूर्या को लेकर फैसला आसान नहीं था, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में टीम को विश्व कप जिताया हो। लेकिन हर विश्व कप के बाद टीम के भविष्य की दिशा पर विचार किया जाता है। उनकी हालिया फॉर्म और अगले विश्व कप तक के सफर को देखते हुए हमें लगा कि यही सही रास्ता है।'
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ANI
सवाल 4: क्या सूर्यकुमार यादव का अंतरराष्ट्रीय करियर खतरे में है?
जवाब: फिलहाल ऐसा कहना जल्दबाजी होगी। सूर्यकुमार अब भी भारत के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शामिल हैं। हालांकि चयनकर्ताओं ने साफ संकेत दिया है कि सिर्फ पुराने प्रदर्शन के आधार पर जगह नहीं मिलेगी। उन्हें वापसी के लिए घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में रन बनाने होंगे।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : IPL
सवाल 5: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम में क्यों चुना गया?
जवाब: वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऐसा प्रदर्शन किया जिसने दुनिया का ध्यान उनकी ओर खींच लिया। टूर्नामेंट के सबसे चर्चित युवा बल्लेबाज रहे। निडर और आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया। दबाव वाले मैचों में भी बड़े रन बनाए। चयनकर्ताओं को उनमें भविष्य का मैच विनर नजर आता है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी उन्हें संभावित 'गेम चेंजर' बताया है।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सवाल 6: सचिन के किस रिकॉर्ड के करीब हैं वैभव?
जवाब: अगर आयरलैंड के खिलाफ 26 जून को उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
रजत पाटीदार
- फोटो : ANI
सवाल 7: रजत पाटीदार को टीम में जगह क्यों नहीं मिली?
जवाब: यह चयन की सबसे चर्चित बहसों में से एक है। रजत पाटीदार ने आरसीबी को लगातार दो आईपीएल खिताब दिलाए। उनके बल्ले से आईपीएल 2026 में 501 रन निकले। इसके बावजूद चयन नहीं हुआ, जिसका सबसे बड़ा कारण मध्यक्रम में पहले से मौजूद प्रतिस्पर्धा है। श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, नीतीश रेड्डी और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई। चयनकर्ताओं का मानना है कि कुछ अच्छे खिलाड़ियों को मजबूरी में बाहर रखना पड़ता है।
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ANI
सवाल 8: हार्दिक पांड्या को बाहर क्यों किया गया?
जवाब: हार्दिक का बाहर होना सबसे चौंकाने वाले फैसलों में शामिल है। माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 के दौरान वह फिटनेस और चोट की समस्याओं से जूझते नजर आए। एक वजह कार्यभार (वर्कलोड) प्रबंधन भी हो सकती है। वहीं, यह भी संभव है कि चयनकर्ताओं का युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा है।
रिंकू सिंह
- फोटो : IPL
सवाल 9: रिंकू सिंह को क्यों नहीं चुना गया?
जवाब: रिंकू का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उनके बल्ले से लगातार बड़ी पारियां नहीं आईं। इसके अलावा टीम संयोजन में उनकी भूमिका स्पष्ट नहीं दिख रही थी। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने दूसरे विकल्पों पर भरोसा जताया।
सूर्यकुमार यादव-कुलदीप यादव
- फोटो : ANI
सवाल 10: कुलदीप यादव टीम से बाहर कैसे हो गए?
जवाब: कुलदीप का बाहर होना सीधे तौर पर टीम कॉम्बिनेशन से जुड़ा माना जा रहा है। दरअसल, भारतीय टीम में पहले से अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई जैसे स्पिनर मौजूद हैं। माना जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने विविधता और संतुलन को देखते हुए इन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी।
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : PTI
सवाल 11: जसप्रीत बुमराह को क्यों नहीं चुना गया?
जवाब: बुमराह को बाहर नहीं किया गया है, बल्कि आराम दिया गया है। भारत को आगे एशियाई खेलों समेत कई बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं। तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज से आराम दिया गया है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : BCCI
सवाल 12: क्या अब भारतीय टी20 टीम में पीढ़ी परिवर्तन शुरू हो चुका है?
जवाब: काफी हद तक हां। चयनकर्ताओं के फैसलों से तीन बड़े संकेत मिले हैं।
आइए जानते हैं...
- नई कप्तानी और नया नेतृत्व समूह तैयार किया जा रहा है।
- युवा खिलाड़ियों को तेजी से मौके दिए जाएंगे।
- सिर्फ पुराने रिकॉर्ड नहीं, मौजूदा प्रदर्शन और भविष्य की योजना चयन का आधार होंगे।
प्रिंस यादव
- फोटो : IANS
सवाल 13: टीम इंडिया में नए चेहरे कौन-कौन हैं?
जवाब: इस टीम चयन की सबसे बड़ी खासियत नए खिलाड़ियों को मौका मिलना है।
- वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में चुना गया है।
- प्रिंस यादव को भी भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल में उनकी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों की क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
- रवि बिश्नोई को भी फिर से मौका मिला है।
- चयनकर्ताओं ने साफ संकेत दिया है कि युवा खिलाड़ियों को अब लगातार मौके दिए जाएंगे।
प्रिंस यादव
- फोटो : IANS
सवाल 14: प्रिंस यादव कौन हैं और उन्हें मौका क्यों मिला?
जवाब: प्रिंस यादव पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
- तेज गति से गेंदबाजी करते हैं।
- नई गेंद और डेथ ओवर दोनों में उपयोगी हैं।
- विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं।
- भारत लंबे समय से ऐसे तेज गेंदबाजों की तलाश में है जो टी20 में अलग प्रभाव छोड़ सकें। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका दिया है।
तिलक वर्मा
- फोटो : IANS
सवाल 15: तिलक वर्मा को उपकप्तान क्यों बनाया गया?
जवाब: तिलक पिछले कुछ समय से भारत की टी20 योजनाओं का अहम हिस्सा रहे हैं। वह मध्यक्रम में भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह टीम को बाएं हाथ का विकल्प उपलब्ध कराते हैं। यही वजह है कि उन्हें भारत ए सीरीज में कप्तान बनाया गया है। अब तिलक को उपकप्तान बनाकर बीसीसीआई ने संकेत दिया है कि भविष्य की नेतृत्व टीम में उनकी बड़ी भूमिका रहने वाली है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
सवाल 16: भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कितने मैच खेलने हैं?
जवाब: भारत को कुल सात टी20 मैच खेलने हैं।
- आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच। पहला टी20: 26 जून/दूसरा टी20: 28 जून
- इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच। पहला टी20: 1 जुलाई/दूसरा टी20: 4 जुलाई/तीसरा टी20: 7 जुलाई/चौथा टी20: 9 जुलाई/पांचवां टी20: 11 जुलाई
- इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। पहला वनडे: 14 जुलाई (बर्मिंघम)/दूसरा वनडे: 16 जुलाई/तीसरा वनडे: 19 जुलाई (लॉर्ड्स)
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम
- फोटो : ANI
सवाल 17: एशियाई खेलों के लिए भारत का लक्ष्य क्या है?
जवाब: भारत मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता है। 2022 एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल जीता था और इस बार भी टीम उसी उपलब्धि को दोहराने के इरादे से उतरेगी। यही वजह है कि बीसीसीआई ने अपेक्षाकृत मजबूत टीम चुनी है।
अजीत अगरकर
- फोटो : PTI
सवाल 18: आखिरकार इस चयन का सबसे बड़ा संदेश क्या है?
जवाब: भारतीय क्रिकेट अब 2028 टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक को ध्यान में रखकर नई टीम तैयार करने की दिशा में बढ़ चुका है। श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाना, वैभव सूर्यवंशी जैसे किशोर खिलाड़ी को मौका देना और सूर्यकुमार, हार्दिक, रिंकू व कुलदीप जैसे बड़े नामों को बाहर रखना यही बताता है कि चयनकर्ता भविष्य की टीम गढ़ने के मिशन पर निकल चुके हैं।
संजू सैमसन
- फोटो : PTI
सवाल 19: सैमसन को क्यों नहीं मिली बड़ी जिम्मेदारी?
जवाब: संजू सैमसन भारतीय टी20 टीम का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन चयनकर्ताओं ने कप्तानी या उपकप्तानी की जिम्मेदारी उनके बजाय श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा को सौंपी है। चयन समिति लंबे समय के नेतृत्व विकल्पों पर काम कर रही है और इसी वजह से युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है। संजू का अंतरराष्ट्रीय करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है, हालांकि हाल के वर्षों में उन्होंने कई अहम पारियां खेली हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं ने उन्हें बतौर बल्लेबाज-विकेटकीपर टीम में बनाए रखा, लेकिन नेतृत्व समूह में शामिल नहीं किया।
रवि बिश्नोई
- फोटो : IPL/BCCI
सवाल 20: रवि बिश्नोई की कैसे हुई टीम में एंट्री?
जवाब: रवि बिश्नोई की वापसी को पूरी तरह अचानक नहीं माना जा सकता। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले कुछ समय से टी20 फॉर्मेट में आक्रामक स्पिन विकल्पों पर जोर दे रहा है और बिश्नोई इस भूमिका में फिट बैठते हैं। उन्होंने पहले भी भारत के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया है और चयनकर्ताओं का उन पर भरोसा रहा है। टीम में उनकी मौजूदगी से स्पिन विभाग को अतिरिक्त विविधता मिलती है। यही वजह है कि आईपीएल में सीमित अवसर मिलने के बावजूद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई।
सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं जरूर हैं कि बिश्नोई की वापसी से चहल के लिए भी रास्ता खुल गया है। लेकिन फिलहाल चयनकर्ताओं की ओर से युजवेंद्र चहल की वापसी को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है। रवि बिश्नोई का चयन मुख्य रूप से टीम की मौजूदा रणनीति और स्पिन संयोजन को ध्यान में रखकर किया गया है। इसलिए केवल बिश्नोई की वापसी के आधार पर चहल की वापसी तय मानना जल्दबाजी होगी।