सिटी ब्यूटीफुल के स्टार क्रिकेटर और सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह कैंसर को मात देने के बाद 23 जनवरी को पहली बार अपने होम ग्राउंड पीसीए स्टेडियम मोहाली में उतरेंगे। उनके हजारों प्रशंसकों को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे एकदिवसीय मैच में उनसे जोरदार पारी की उम्मीद है। रविवार दोपहर जैसे ही भारतीय क्रिकेट टीम एयरपोर्ट पर पहुंची तो युवराज को देखते ही उनके प्रशंसकों ने युवी-युवी चिल्लाना शुरू कर दिया। युवराज ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
वर्ल्ड कप में खेलने आए थे मोहाली
पीसीए स्टेडियम में युवराज आखिरी बार 2011 के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में खेले थे। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस मैच में युवी बल्ले से तो अधिक कमाल नहीं दिखा पाए, लेकिन गेंदबाजी में 10 ओवर में 57 रन देकर उन्होंने 2 विकेट चटकाए।
युवराज करेगा बेहतर प्रदर्शन: योगराज
बेटे युवराज सिंह के कैंसर को हराने के बाद पहली बार शहर में खेलने पर पिता योगराज सिंह ने कहा कि युवी अब काफी मेहनत कर रहा है और इस मैच में भी वह बेहतर प्रदर्शन करेगा।
सिक्सर देखने को बेताब
कपिल देव के कोच और द्रोणाचार्य अवार्डी देश प्रेम आजाद ने कहा कि युवी को पीसीए में छक्के लगाते हुए देखने के लिए वह और शहर के उनके तमाम प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।