'पंत के लिए बेंच पर बैठना कठिन रहा है'
डेशकाटे ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, 'ऋषभ के लिए बाहर रहना काफी कठिन रहा है, लेकिन इस स्तर पर खेल का यही स्वभाव है। केएल का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पंत को ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन हमें उन्हें तैयार रखना था। हमें नहीं पता कि कब उनकी जरूरत पड़ जाए। साथ ही दो बेहतरीन विकेटकीपर टीम में होना अच्छा है।'
'भारत-न्यूजीलैंड के स्पिनरों के बीच मुकाबला'
डेशकाटे ने स्वीकार किया कि रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में दोनों टीमों के स्पिनरों के बीच मुकाबला होगा। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड के पास भी चार स्पिनर हैं, लिहाजा स्पिनरों के बीच मुकाबला होगा। टूर्नामेंट से पहले हमने सोचा नहीं था कि स्पिनरों की इतनी बड़ी भूमिका होगी, लेकिन उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और पिच से भी मदद मिली। मुझे यकीन है कि अगले मैच में भी ऐसा ही होगा।
राहुल ने कही थी यह बात
इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में जगह बना लेने के बावजूद भारत विजयी टीम संयोजन में कोई छेड़छाड़ करेगा। बांग्लादेश और पाकिस्तान पर जीत के साथ भारत ने नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया है, जबकि उसे न्यूजीलैंड से रविवार को आखिरी ग्रुप मैच खेलना है।
'किसे मौका मिलेगा, नहीं पता'
पंत के अलावा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर अभी तक एक भी मैच नहीं खेले हैं। क्या आखिरी लीग मैच में उन्हें उतारा जा सकता है? इस बारे में राहुल ने कहा, 'मैं नेतृत्व समूह का हिस्सा नहीं हूं, लेकिन मुझे यकीन है कि इसका लालच तो होगा। मैं इस स्थिति में पहले रहा हूं जब आपके पास खिलाड़ियों को आजमाने का मौका होता है, लेकिन मुझे नहीं पता कि यह चैंपियंस ट्रॉफी में होगा या नहीं। हम चाहते हैं कि सभी खिलाड़ियों को मौका मिले। यह मेरा अभी का विचार है, लेकिन पता नहीं कल शायद कुछ और हो।'