चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे रोमांचक समझा जाने वाला भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच रविवार को खेला जाना है।इस मैच को लेकर हर बार की तरह इस बार भी दोनों देशों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है, लेकिन इस मैच को लेकर भारतीय दर्शकों की तुलना में पाकिस्तानी फैंस ज्यादा क्रेजी हैं।बीते एक सप्ताह के 'गूगल ट्रेंड्स' पर नजर डालें, तो भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में भारत से ज्यादा पाकिस्तान में सर्च किया गया।
भारत और पाकिस्तान समेत संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, नेपाल और कतर के लोगों में भी इस मैच को लेकर भारी उत्साह है और इस मैच के बारे में सर्च किया जा रहा है। ट्रेंड्स के मुताबिक, भारत के भीतर इस मैच के बारे में जानने की सबसे ज्यादा दिलचस्पी जम्मू और कश्मीर के बाशिंदों को है। इसके बाद अंडमान और निकोबार, हरियाणा, गोवा, महाराष्ट्र और दिल्ली में इस मैच के बारे में सर्च किया जा रहा है।
फैंस के सवाल
गूगल पर भारत और पाकिस्तान के इस मैच को लेकर बीते सात दिनों में कई तरह के सवाल पूछे गए हैं।
मैच का टाइम क्या है- लंदन के समय अनुसार, सुबह साढ़े दस बजे (1030) यह मैच शुरू होगा. भारत में तब दोपहर के तीन बजे होंगे और पाकिस्तान में ढाई.
मैच है कहां पर- यह मैच इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर स्थित एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
एजबेस्टन, बर्मिंघम - 25,000 लोगों की क्षमता वाले एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड को साल 1886 में खोला गया था। इंग्लैंड के इस मैदान को एजबेस्टन काउंटी ग्राउंड भी कहा जाता है।
बर्मिंघम का मौसम - बीबीसी के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बर्मिंघम में रविवार, 4 जून की सुबह तेज़ धूप होगी। लेकिन दोपहर के बाद यहां थोड़े बादल छाए रहेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी मैच साल 2016 में वर्ल्ड टी-20 के सेकेंड ग्रुप स्टेज में खेला गया था। कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया था।