दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज के बीच चैंपियंस लीग ग्रुप ‘बी’ का मैच बारिश के कारण टाई हो गया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम बेहतर नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही।
दोनों ही टीमों ने तीन-तीन मैच खेले और एक जीता, एक हारा और एक टाई रहा। हालांकि वेस्ट इंडीज की टीम बदकिस्मत रही और सिर्फ एक गेंद ज्यादा फेंके जाने की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
निर्धारित 31 ओवर में 231 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज ने 26 ओवर में पांच विकेट पर 190 रन बना लिए थे और वह नेट रन रेट के आधार पर दक्षिण अफ्रीका से आगे था।
मैक्लारेन ने 27वें ओवर की पहली ही गेंद पर कीरोन पोलार्ड को आउट कर दिया और तभी तेज बारिश शुरू हो गई।
पोलार्ड का विकेट गिरने से विंडीज का नेट रन रेट में दक्षिण अफ्रीका से पिछड़ गया और सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गया। ग्रुप ‘बी’ से दक्षिण अफ्रीका के अलावा भारत पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी है।
क्रिस गेल और जॉनसन चार्ल्स ने वेस्टइंडीज को ठोस शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े।
हालांकि क्रिस गेल अपनी पारी को ज्यादा नहीं ले जा सके और 36 रन बनाकर क्रिस मॉरिस का शिकार बने। वहीं चार्ल्स (16), ड्वेन स्मिथ (30) और डैरेन ब्रावो (12) भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।
बारिश के कारण यह मैच देरी से शुरू हुआ। पहले अंपायरों ने ओवरों की संख्या घटाकर 36-36 कर दी। लेकिन टॉस होने के तुरंत बाद एक बार फिर बारिश ने मैच शुरू नहीं होने दिया।
जब दोबारा मैच शुरू हुआ तो अंपायरों ने निर्धारित ओवरों की संख्या 31-31 कर दी जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 230 रन बनाए।
फुल लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
इससे पूर्व टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो उसे रास नहीं आया। दक्षिण अफ्रीकी ओपनर हाशिम अमला और कोलिन इंग्राम ने पहले विकेट के लिए 12.1 ओवर में 80 रन जोड़े।
इस साझेदारी को पार्ट टाइम स्पिनर मार्लोन सैमुअल्स ने अमला को पेवेलियन भेजकर तोड़ा। अमला ने 27 गेंद में दो चौकों के साथ 23 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए इंग्राम ने कप्तान एबी डीविलियर्स के साथ 5.2 ओवर में 44 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई।
इंग्राम की आतिशी पारी
इंग्राम ने 63 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों के साथ 73 रन की आतिशी साझेदारी निभाई। पोलार्ड ने इंग्राम को डेरेन ब्रावो के हाथों कैच आउट कराया। जेपी डुमिनी (02) ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक सके और कप्तान ड्वेन ब्रावो ने उन्हें पेवेलियन की राह दिखा दी।
डेविड मिलर ने 38, डीविलियर्स ने 37 और फैफ डु प्लेसिस 35 रनों का योगदान दिया।
अब तक का सफरनामा
दक्षिण अफ्रीकी टीम ग्रुप बी के अपने पहले मुकाबले में भारत से 26 रन से हार गई थी लेकिन बाद में उसने वापसी करते हुए पाकिस्तान को अगले मैच में 67 रनों से मात देकर टूर्नामेंट में वापसी कर ली।
वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट में अपना पहला मैच पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर जीता था। लेकिन दूसरे मैच में भारत से उसे आठ विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।