श्रीलंका ने चैंपियंस ट्रॉफी ग्रुप ‘ए’ के आखिरी लीग मैच में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 20 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस ग्रुप से श्रीलंका के साथ इंग्लैंड ने अंतिम चार में प्रवेश किया है।
फुल स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
अब बुधवार को खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल में ग्रुप ‘ए’ में टॉप पर रही इंग्लैंड की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से होगी जबकि ग्रुप ‘बी’ की शीर्ष टीम भारत बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेंगी।
इससे पहले, श्रीलंका ने महेला जयवर्धने और लाहिरू थिरिमाने के शानदार अर्धशतकों की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 253 रन बनाए।
नेट रन रेट के आधार पर श्रीलंका और ग्रुप की अन्य टीम न्यूजीलैंड से पिछड़ी ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 29.1 ओवर में यह लक्ष्य हासिल करने की चुनौती मिली।
लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम लक्ष्य हासिल करना तो दूर मैच भी नहीं बचा सकी और 42.3 ओवर में 233 रन बनाकर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन इस मैच में भी जारी रहा और 80 रन तक उसके पांच बल्लेबाज पेवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के साथ ही न्यूजीलैंड टीम भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इससे पहले, टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
श्रीलंका ने लाहिरू थिरिमाने और महेला जयवर्धने के अर्धशतकों आठ विकेट पर 253 रन बनाए। थिरिमाने ने 86 गेंद में चार चौकों के साथ 57 रन की पारी खेली जबकि जयवर्धने ने 81 गेंद में 11 चौकों के साथ नाबाद 84 रन बनाए।
हालांकि श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और ओपनर कौशल परेरा चार रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
कुमार संगकारा भी ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक सके और तीन रन ही बना सके। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 12 रन बनाकर आउट हो गए।
दिनेश चंडीमल और जयवर्धने ने छठवें विकेट के लिए 9.2 ओवर में 65 रन जोड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। चंडीमल ने 32 गेंद में एक चौके और एक छक्के के साथ 31 रन बनाए।