भारतीय टीम ने 19 फरवरी से शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मंगलवार रात टीम में बदलाव किए थे। चयनकर्ताओं ने इस आईसीसी टूर्नामेंट के लिए पहले चुनी गई 15 सदस्यीय प्रारंभिक टीम में बदलाव किया था। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए, जबकि सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में बरकरार नहीं रखा गया। भारत ने बुमराह और यशस्वी की जगह हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को टीम में जगह दी थी।
वरुण 2021 टी20 विश्व कप में भी थे शामिल
भारत ने बुमराह की जगह तेज गेंदबाज हर्षित को चुना, जबकि बल्लेबाज यशस्वी की जगह वरुण को मौका दिया। हर्षित और वरुण अंतिम समय में चैंपियंस ट्रॉफी की टीम में जगह बनाने में सफल हुए। यह दूसरी बार है जब वरुण को अंतिम समय में आईसीसी के किसी बड़े टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। इससे पहले वरुण को 2021 टी20 विश्व कप के लिए भी टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह टूर्नामेंट में पूरी तरह विफल रहे थे और एक भी विकेट नहीं ले पाए थे।
मुख्य कोच गौतम गंभीर का फलसफा रहा है कि जितना अधिक जोखिम , उतना ही अच्छा फल लेकिन चोट के कारण करिश्माई तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होने के बाद क्या यह रणनीति भारत के लिए कारगर साबित होगी? वरुण इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार फॉर्म में थे जिस कारण उन्हें वनडे सीरीज से ठीक पहले टीम में जगह दी गई थी। वरुण के पास एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका रहेगा।
टीम में पांच स्पिनर शामिल
भारत की अंतिम 15 को चुनते समय काफी जोखिम लिया गया है। दुबई जाने वाली टीम में पांच स्पिनर रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती होंगे। बुमराह की जगह हर्षित ने ली है, जबकि अधिक अनुभवी मोहम्मद सिराज को युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और ऑलराउंडर शिवम दुबे के साथ रिजर्व में रखा गया है जो टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे।
भारत के मैच दुबई में होने हैं जहां आम तौर पर वनडे क्रिकेट में तेज गेंदबाजों को अधिक कामयाबी मिली है। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर 2009 के बाद से 58 वनडे खेले जा चुके हैं जिसमें तेज गेंदबाजों को पांच से कम की इकोनॉमी दर से 466 विकेट मिले हैं। स्पिनरों को 334 विकेट मिले हैं और उनकी किफायत दर 4.2 रही है। पांच स्पिनरों को लेकर जाने की रणनीति भी समझ से परे हैं, हालांकि चक्रवर्ती को उनके शानदार फॉर्म के कारण चुना गया। वह इसी मैदान पर हालांकि टी20 विश्व कप 2021 में नाकाम रहे थे।
वरुण को कुलदीप पर मिलेगी तरजीह?
चैंपियंस ट्रॉफी में लीग चरण में भारत को बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से खेलना है और इनमें से कोई वरुण को पहले नहीं खेला है। जडेजा और अक्षर का खेलना लगभग तय है और वरुण के खेलने पर कुलदीप को बाहर रहना पड़ सकता है। बुमराह के बाहर होने पर सिराज की जगह राणा को चुनने का कारण भी समझ से परे है, जबकि विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे टूर्नामेंटों में आक्रामकता की जगह अनुभव काम आता है। कप्तान रोहित शर्मा का कहना है कि पुरानी गेंद से उतने प्रभावी नहीं होने के कारण सिराज को बाहर रखा गया। हर्षित ने टी20 में डेब्यू करके छठे गेंदबाज के तौर पर 33 रन देकर तीन विकेट लिए थे। वनडे में उन्होंने मैच के तीन चरणों में तीन स्पैल डाले।
यशस्वी को बाहर रखने की भी वजह स्पष्ट नहीं है। क्या किसी स्पिनर को जगह देने के लिए एक सलामी बल्लेबाज को बाहर किया गया। इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर में पहले वनडे में जायसवाल और श्रेयस अय्यर को साथ में उतारना मुश्किल था, लेकिन विराट कोहली की चोट की वजह से परेशानी नहीं हुई। कोहली के वापस आने के बाद जायसवाल दूसरे मैच से बाहर हो गए।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारत की टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती।
नॉन ट्रेवलिंग रिजर्व: यशस्वी जयसवाल, मोहम्मद सिराज और शिवम दुबे।