पूर्व कप्तान मोइन खान ने शुक्रवार को यहां कहा कि पाकिस्तान की मौजूदा खराब स्थिति इससे बदतर नहीं हो सकती और अब समय आ गया है कि अधिकारी क्रिकेट टीम का नए सिरे से गठन शुरू करें जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों टीम में अपने चयन को सही साबित करना होगा।
पाकिस्तान की टीम
- फोटो : PCB
'यह एक नई टीम के गठन का समय'
मोहम्मद रिजवान के नेतृत्व वाली टीम अपनी सरजमीं पर एक भी मैच जीतने में नाकाम रहने के बाद चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है। पूर्व विकेटकीपर मोइन ने कहा, मैं आजकल कई पूर्व खिलाड़ियों की टिप्पणियां सुन रहा हूं। हम जब पहले से ही हार रहे हैं तो एक नई टीम का गठन क्यों नहीं कर रहे हैं। हमारे लिए इससे बुरा क्या हो सकता है? हम हारेंगे लेकिन कम से कम कुछ अलग प्रयास तो करेंगे।
उन्होंने आगे कहा, देखिए कोई यह नहीं कह रहा है कि वे अच्छे खिलाड़ी नहीं हैं। लेकिन हर खिलाड़ी को लगातार अच्छे प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह को सही साबित करनी होगी। इस दौरान मोइन यह मानने को तैयार नहीं थे कि देश में क्रिकेट में अच्छी प्रतिभा की कमी है।
पाकिस्तान की टीम
- फोटो : PCB
पाकिस्तान ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड
पाकिस्तान ने इसके साथ ही कुछ अनचाहे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। 2009 के बाद यह पहली बार है जब चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबान टीम ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई है। आखिरी बार ऐसा दक्षिण अफ्रीका के साथ हुआ था जब टीम ने तीन में से दो मैच हारे और एक में उसे जीत मिली थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम उस वक्त ग्रुप में सबसे नीचे रही थी।
इतना ही नहीं पाकिस्तान ऐसी चौथी टीम है जो चैंपियंस ट्रॉफी में खिताब का बचाव करने उतरी, लेकिन ग्रुप चरण में ही बाहर हो गई। पहली बार ऐसा 2004 में हुआ जब भारत और श्रीलंका ग्रुप चरण में ही बाहर हो गई थी। भारत और श्रीलंका 2002 में इस टूर्नामेंट के संयुक्त विजेता बने थे। आखिरी बार 2013 में ऐसा हुआ था जब गत चैंपियन टीम ग्रुप चरण में बाहर हो गई थी। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया कोई मैच नहीं जीत सकी थी।