श्रीलंका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास एक बार फिर से श्रीलंकाई टीम के गेंदबाजों को कोचिंग देंगे। श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक वास ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है और अब फिर से टीम के गेंदबाजी कोच का कार्यभार संभालने के लिए तैयार हो गए हैं।
दरअसल पिछले महीने यानी 22 फरवरी को वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से पहले वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जबकि उन्हें तीन दिन पहले ही श्रीलंका ने अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया था। श्रीलंकाई बोर्ड ने इसके पीछे वित्तीय मामले का हवाला देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया था जबकि वास ने निजी कारणों का हवाला दिया था।
हालांकि अब श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि वास के साथ सभी तरह के मुद्दों को सुलझा लिया गया है और वे फिर से टीम के गेंदबाजी कोच बनने के लिए तैयार हो गए हैं।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा गया, 'श्रीलंका क्रिकेट आपको सूचित करना चाहता है कि चामिंडा वास और श्रीलंका क्रिकेट की प्रबंधन टीम के बीच हुई एक बैठक के बाद, उनके इस्तीफे के कारणों और मुद्दों को सुलझा लिया गया है।'
बता दें कि चामिंडा वास श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने टीम की तरफ से कुल 439 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 761 विकेट चटकाए। वास ने टेस्ट में 355 तो वनडे में 400 विकेट चटकाए।