शीतकालीन ओलंपिक खेलों में डोपिंग के दोषी रूसी कर्लर एलेक्जेंडर क्रूशेलनितवस्की से कांस्य पदक छीन लिया गया है। खेल पंचाट (सीएएस) ने इस आशय की घोषणा की है। पच्चीस वर्षीय एलेक्जेंडर उन 168 रूसी खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें इन शीतकालीन खेलों में तटस्थ खिलाड़ी के रूप में भाग लेने की अनुमति दी गई है। व्यापक डोपिंग प्रकरण के चलते रूस को भाग लेने से निलंबित कर दिया गया था।
सीएएस ने अपने बयान में कहा कि इस खिलाड़ी ने डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है। इसलिए मिश्रित युगल कर्लिंग स्पर्धा से एलेक्जेंडर को अयोग्य घोषित किया जाता है। क्रूशेलनितवस्की ने अपनी पत्नी अनास्तासिया ब्रिजगालोवा के साथ कांस्य पदक जीता था। क्रूशेलनितवस्की ने पहले सुनवाई में उपस्थित होने से इनकार कर दिया था।
क्रूशेलनितवस्की के मूत्र के ए और बी नमूनों में प्रतिबंधित मेलडोनियम पाया गया था। यह वही ड्रग है जिसके कारण रूसी टेनिस स्टार मारिया शारापोवा पर 15 महीने का प्रतिबंध लगा था। उधर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति इस हफ्ते तय करेगी कि क्या रूस का निलंबन खत्म कर दिया जाए ताकि रविवार को होने वाले समापन समारोह में खिलाड़ी अपने राष्ट्रीय ध्वज को लेकर निकल सकें।