भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार से होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने भारतीय बल्लेबाजों को चेतावनी दी है। कमिंस ने कहा कि एडिलेड की तरह तीसरे टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाजों को शॉर्टपिच गेंदों का सामना करना होगा। भारत के पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत के बाद कमिंस की काफी आलोचना हुई थी। हालांकि, उन्होंने दूसरे मैच में वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मिली 10 विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
यह पूछे जाने पर कि क्या तीसरे टेस्ट में भी भारत को अतिरिक्त बाउंस मिलेगी? इस पर कमिंस ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा, एडिलेड टेस्ट में यह रणनीति कारगर रही। यह प्लान बी के रूप में हमेशा जेहन में रहता है। अगर यह वाकई उन्हें असहज बना रहा था तो हम इसे प्लान ए भी बना सकते हैं। एडिलेड में यह असरदार रहा और मुझे यकीन है कि तीसरे टेस्ट में भी काम करेगा।
कमिंस ने जसप्रीत बुमराह का आत्मविश्वास के साथ सामना करने वाले अपने बल्लेबाजों की भी तारीफ की जो पर्थ टेस्ट में ऐसा नहीं कर पाए थे। उन्होंने कहा, हम पेशेवर क्रिकेटर हैं और इसके लिए तैयार रहते हैं। हमारे खिलाड़ी हर चुनौती का सामना करने को तत्पर रहते हैं, चाहे हालात जो हों।
कमिंस को स्मिथ के फॉर्म में लौटने का भरोसा
अनुभवी स्टीव स्मिथ ने अभी तक सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन कमिंस को यकीन है कि वह जल्दी ही फॉर्म में लौटेंगे। उन्होंने कहा, 'वह नेट्स पर अच्छा कर रहा है। मुझे यकीन है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगा। वह काफी अनुभवी है और अच्छी पारी ज्यादा दूर नहीं है।' ऑलराउंडर मिचेल मार्श ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने के लिए आक्रामक खेलने की रणनीति अपनाने को कहा था, लेकिन कमिंस ने कहा कि बल्लेबाजी रणनीति व्यक्तिगत पसंद का मामला है।
कमिंस बोले - कप्तान के तौर पर दबाव होगा
कमिंस ने स्वीकार किया कि कप्तान होने के नाते उन पर हमेशा दबाव होगा लेकिन उन्होंने कहा कि इस दबाव के साथ जीना उन्होंने सीख लिया है। उन्होंने कहा, टेस्ट क्रिकेट खेलते समय हमेशा दबाव रहता है। कप्तान होने पर काफी जिम्मेदारी आप पर होती है। इसमें कोई नई बात नहीं है। पर्थ टेस्ट में हम अच्छा नहीं खेल सके और आलोचना लाजमी थी। कुछ सही थी तो कुछ नहीं लेकिन आपको पता है कि जो सही नहीं है, उसे खारिज किया जा सकता है।