धोनी जुलाई में हुए आईसीसी वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से टीम से बाहर चल रहे हैं। धोनी हालांकि 29 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की अगुवाई करेंगे।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हां, सीएसी ने सभी से धोनी के भविष्य को लेकर एक ही प्रश्न पूछा था। साथ यह भी पूछा कि क्या वह इस खिलाड़ी को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुनेंगे।' यह पता चला है कि बीसीसीआई चाहता है कि चयन समिति का धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर रुख स्पष्ट हो। सूत्र ने कहा, 'धोनी का मामला संवेदनशील और पेचीदा है इसलिए इस प्रश्न को पूछने की जरूरत थी।'
चयनकर्ता पद के लिए लगभग 40 से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिसमें से सीएसी ने लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, वेंकटेश प्रसाद, राजेश चौहान, सुनील जोशी और हरविंदर सिंह को बुधवार को साक्षात्कर के लिए बुलाया था।