भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) ने शुक्रवार को बंगाल प्रो टी20 लीग के दूसरे संस्करण को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। सीएबी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हालातों का जायजा लेने के बाद नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
सीएबी का बयान
सीएबी ने कहा- मौजूदा राष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) ने बंगाल प्रो टी20 लीग सीजन 2 की शुरुआत और इस प्रकार इससे संबंधित सभी पूर्व कार्यक्रमों को अगली सूचना तक स्थगित करने का फैसला किया है। संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ समन्वय में स्थिति की विस्तृत समीक्षा और बीसीसीआई द्वारा जारी किसी भी सलाह के बाद अद्यतन स्थानों और फिक्स्चर सहित एक संशोधित कार्यक्रम साझा किया जाएगा।
आईपीएल का 18वां सत्र स्थगित
इससे पहले, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए आईपीएल 2025 को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि एक हफ्ते बाद हालात का जायजा लिया जाएगा और नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।