दिग्गज ब्रायन लारा और रामनरेश सरवन भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को तैयार करेंगे।
सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में से एक लारा और अपने जमाने के शानदार बल्लेबाजों में शामिल सरवन भारत के खिलाफ एंटीगुआ में होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व लगने वाले शिविर में बल्लेबाजों को गुर सिखाएंगे।
वेस्टइंडीज और भारत के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच 22 से 26 अगस्त के बीच एंटीगुआ के नार्थ साउंड में सर विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। दूसरा मैच 30 अगस्त से तीन सितंबर के बीच जमैका के किंग्सटन में होगा।
भारतीय टीम पहले ही टी20 और वनडे सीरीज में जीत के आत्मविश्वास के साथ टेस्ट सीरीज में उतरेगी। मेजबान टीम को सभी फॉर्मेट में अपने ही घर में भारत से हार का डर सता रहा है। भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में मौजूदा समय में नंबर-1 पर है। ऐसे में भारत जैसी मजबूत टीम को टक्कर देना विंडीज के लिए आसान नहीं होगा। पिछले साल विंडीज के भारत दौरे पर मेहमान टीम को टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।