अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ब्रेट ली ने हाल ही में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया। ब्रेट ली ने तेंदुलकर के साथ अपनी पहली बातचीत के बारे में खुलासा किया। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व स्टार गेंदबाज ने तेंदुलकर को पहली बार भारत और प्रधानमंत्री एकादश के बीच एक मैच के दौरान देखा था, लेकिन वो ऑटोग्राफ नहीं ले पाए थे। इसका कारण ब्रेट ली ने बताया है।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ब्रेट ली ने 23 साल पुराने उस वाकये को याद किया। ली ने कहा, ''पहली बार मैं सचिन तेंदुलकर से 1999 में मिला था। हम उस समय कैनबरा में थे। मैं प्रधानमंत्री एकादश की ओर से भारतीय टीम के खिलाफ खेल रहा था। सचिन तेंदुलकर भी उस मैच में टीम का हिस्सा थे। वो बल्लेबाजी के लिए आते तो मेरे मन में आया कि मैं महान सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी करने वाला हूं। दरअसल, मैं उनका ऑटोग्राफ लेने वाला था। मैंने सोचा कि उन्हें गेंद दूंगा और कहूंगा- दोस्त, क्या आप इस पर साइन कर सकते हैं? लेकिन तब मुझे एहसास हुआ कि यह महान तेंदुलकर के खिलाफ मेरी पहली छाप के लिए अच्छा नहीं होगा।"
जब ब्रेट ली ने डेब्यू किया था, तब सचिन पहले से ही एक स्थापित खिलाड़ी थे। वो अपने समय के कई अन्य क्रिकेटरों की तरह तेंदुलकर के बहुत बड़े फैन थे और उन्हें देखते ही उनका ऑटोग्राफ चाहते थे। 1999 में जब ली ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पदार्पण किया, तब सचिन उस समय भारत के लिए करीब 100 मैच खेल चुके थे। दिलचस्प बात यह है कि ली ने उसी मैच में सचिन का विकेट हासिल किया। ब्रेट ली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 बार सचिन को आउट किया।
सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2013 तक भारत के लिए 200 टेस्ट और 463 एकदिवसीय मैच खेले। उन्होंने दोनों प्रारूपों में सबसे अधिक रन बनाए। सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 55.78 की औसत 15,921 रन बनाए। वहीं, वनडे में 44.83 की औसत से 18,426 रन बनाए। तेंदुलकर 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। दूसरी ओर, ब्रेट ली ने 1999 से 2012 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट और 221 एक दिवसीय मैच खेले। ली ने टेस्ट में 310 और वनडे में 380 विकेट लिए।