ब्रेंडन टेलर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के भ्रष्टाचार रोधी और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के कारण लगाए गए साढ़े तीन साल के निलंबन को पूरा करने के बाद जिम्बाब्वे टेस्ट टीम में वापसी कर ली है। टेलर (39 वर्ष) को जनवरी 2022 में एक भारतीय व्यवसायी द्वारा 2019 में स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किए जाने की सूचना समय पर नहीं देने के कारण प्रतिबंधित किया गया था।
उन्हें बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में सात से 11 अगस्त तक न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए जिम्बाब्वे टीम में शामिल किया गया है। टेलर को उस समय कोकीन के सेवन से जुड़ी डोप जांच में विफल होने के कारण भी एक महीने के लिए निलंबित किया गया था। उन पर 2019 में 15,000 अमेरिकी डॉलर लेने की बात स्वीकार करने के बाद प्रतिबंध लगा दिया गया था। प्रतिबंध लगने से पहले वह लाल गेंद के क्रिकेट में शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने अपनी पिछली तीन टेस्ट पारियों में क्रमशः 92, 81 और 49 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट अभी बुलावायो में खेला जा रहा है।
वहीं, तेज गेंदबाज मैट हैनरी के छह विकेट की बदौलत न्यूजीलैंड ने बुधवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ नौ साल बाद खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन मेजबान टीम को पहली पारी में 149 रन पर समेट दिया। स्टंप तक न्यूजीलैंड के बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए थे। डेवोन कॉनवे 12वां टेस्ट अर्धशतक पूरा करने के बाद 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे जबकि दूसरे छोर पर उनके साथ विल यंग 41 रन बनाकर खेल रहे थे।
जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग इर्विन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम पहले दिन ढाई सत्र के अंदर आउट हो गई और यह इस साल पारी में उसका दूसरा सबसे कम स्कोर रहा। खेल के लंबे प्रारूप में ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन और सिकंदर रजा की वापसी हैनरी की धारदार गेंदबाजी के सामने कारगर साबित नहीं हुई क्योंकि उन्होंने अपनी बेहतरीन लाइन एवं लेंथ से बल्लेबाजों को लगातार चुनौती दी। जिम्बाब्वे के लिए एर्विन (39) शीर्ष स्कोरर रहे जबकि तफादज्वा सिगा ने 30 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए हैनरी ने शीर्ष क्रम को ध्वस्त करते हुए 39 रन देकर छह जबकि नाथन स्मिथ ने 20 रन देकर तीन विकेट झटके।