वर्ल्ड कप शुरू होने में अब 2 महीने से भी कम का समय रह गया है लेकिन इंग्लैंड के बाद वेस्टइंडीज ने भी अपने कप्तान को हटा दिया है। पिछले हफ्ते इंग्लैंड ने अपने कप्तान एलिस्टर कुक को अचानक बर्खास्त कर उनकी जगह इयोन मोर्गन को टीम की कमान सौंप दी।
इंग्लैंड के बाद वेस्टइंडीज ने भी अपने कप्तान को हटा दिया। इंग्लैंड ने अपने कप्तान को उनके खराब फॉर्म के लिए हटाया तो विंडीज बोर्ड ने अपने कप्तान को बोर्ड के खिलाफ बगावत करने की सजा दी और टीम से बाहर कर दिया है।
हाल ही में भारत के खिलाफ एक वनडे, एक टी-ट्वंटी और 3 टेस्ट मैचों को छोड़कर वेस्टइंडीज की टीम ड्वेन ब्रॉवो की अगुवाई में स्वदेश लौट गई थी। जिसके बाद बीसीआईआई की ओर से नाराजगी भी जाहिर की गई। विंडीज बोर्ड ने सख्त रवैया अपनाते हुए ब्रॉवो के अलावा पूर्व कप्तान डेरेन सैमी और कीरोन पोलार्ड को भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 16 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज से बाहर कर दिया है। उनके स्थान पर तेज गेंदबाज जेसन होल्डर को कप्तान बनाया गया है।
इस मामले में बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला क्लाइव लॉयड चयन समिति ने लिया है। ब्रॉवो को मई 2013 में सैमी के स्थान पर बतौर वनडे कप्तान नियुक्त किया गया था। वह अपनी कप्तानी में 27 वनडे मैचों में टीम को 12 मैचों में जीत दिला चुके हैं। हालांकि तीनों क्रिकेटरों को टी-20 सीरीज के लिए टीम में बरकरार रखा गया है जिसकी कप्तानी सैमी करेंगे।
2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था पहला मैच
23 वर्षीय तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने फरवरी 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था। होल्डर अभी तक कुल 21 वनडे मैचों में 29 विकेट चटका चुके हैं। मामले में चयन समिति के अध्यक्ष क्लाइव लॉयड का कहना है कि होल्डर भले ही अभी नए हों लेकिन उनमें एक बेहतरीन क्रिकेटर के साथ-साथ एक सफल कप्तान बनने के सभी गुण हैं और बोर्ड को पूरा विश्वास है कि होल्डर उम्मीदों पर पूरी तरह से खरे उतरेंगे।
डेरेन सैमी, कीरोन पोलार्ड और ड्वेन ब्रॉवो को वनडे मैचों की सीरीज से बाहर करने को लेकर बोर्ड अधिकारियों ने सफाई भी दी है। उनका कहना है कि 2015 वर्ल्ड कप के लिए टीम को न सिर्फ युवा कप्तान बल्कि युवा खिलाड़ियों की भी जरूरत है। इसलिए इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कप्तान बनने पर होल्डर ने बोर्ड का किया धन्यवाद
वेस्टइंडीज की वनडे टीम के कप्तान बनाए गए तेज गेंदबाज जेसन होल्डर का कहना है वह अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह से निभाने के लिए तैयार हैं। बकौल होल्डर, बोर्ड की ओर से मुझ पर किए गए विश्वास से वह बहुत खुश हैं।
होल्डर आगे कहते हैं, "यह सपने जैसा है जो मैं बचपन में अक्सर देखा करता था। लेकिन इतनी जल्दी यह सपना पूरा होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।" ड्वेन ब्रावो के बारे में उन्होंने कहा कि वे टीम में मेंटर की भूमिका में रहेंगे। उनकी गाइडेंस में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य आगामी मैच सीरीज में अपनी रैंकिंग सुधारनी है।
वेस्टइंडीज की टीम वनडे रैंकिंग में इस समय आठवें पायदान पर है। वह सिर्फ बांग्लादेश और जिम्बाब्वे से ही आगे है।