वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। लारा ने कोहली की तुलना रन मशीन से करते हुए कहा कि जहां तक बल्लेबाजी की बात है तो भारतीय कप्तान कोहली दुनिया के बाकी खिलाड़ियों से कहीं ज्यादा आगे हैं।
लारा ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि खेल के सभी प्रारूपों में विराट कोहली और पूरी दुनिया के बल्लेबाजों के बीच में काफी बड़ा अंतर है। रोहित शर्मा ने इस विश्व कप में चार शतक जड़े हों, जानी बेयरस्टो या कोई और भी हो, लेकिन अगर आप किसी को टी20, टी10 या टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते हैं तो वह विराट कोहली हैं'
लारा ने आगे कहा कि सचिन तेंदुलकर मेरे पंसदीदा खिलाड़ियों में हमेशा शुमार रहेंगे लेकिन वर्तमान में कोहली सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने कहा कि 'सचिन का खेल पर जो प्रभाव है, वह अविश्वसनीय है क्योंकि उन्होंने उस समय में ऐसा प्रदर्शन किया जब माना जाता था कि भारतीय बल्लेबाज भारतीय पिचों के बाहर बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकते, लेकिन सचिन ने दुनिया की हर पिच पर रन बनाए हैं। मगर आज की बात करें तो सभी भारतीय बल्लेबाज हर पिच पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। जिसका एक मात्र कारण मुझे लगता है कि उन्होंने सचिन के खेलने का तरीका सीखा है।'
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली आईसीसी की वनडे और टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर कायम है। ब्रायन लारा के नाम टेस्ट में सर्वाधिक स्कोर का रिकार्ड अब भी बरकरार है, उन्होंने टेस्ट में नाबाद 400 रन बनाए हैं।