चौथे मैच में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज को 3-0 से जीत लिया है। बारिश से बाधित मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने 32 ओवर में 131 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम से श्रीलंका को 32 ओवर में 131 रनों का लक्ष्य मिला।
दिनेश चांदीमल(43) और कुमार संगकारा(42 नाबाद) की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने 26.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर मैच को सात विकेट से जीत लिया। चांदीमल ने 65 गेंदों में चार चौकों की मदद से 43 रन बनाए जबकि संगकारा ने 55 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का जड़कर नाबाद 42 रन ठोके। उपुल थरंगा ने 27 रनों की पारी खेली।
इससे पहले श्रीलंका के गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रनों के लिए तरसते दिखे। ब्रैंडन मैक्कुलम(30), केएस विलियम्सन(21) और जेम्स फ्रैंक्लिन(21) की उपयोगी पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 131 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से जीवन मेंडिस ने तीन, नुवान कुलशेखरा ने दो, जबकि थिसारा परेरा और रंगना हेराथ ने एक-एक विकेट लिया। जीवन मेंडिस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।