हिमाचल के धर्मशाला में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों के टिकट की कालाबाजारी का मामला सामने आया है।
धर्मशाला में विजिलेंस की टीम ने एक व्यक्ति को टिकट ब्लैक करते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। विजिलेंस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी व्यक्ति की पहचान एसके मोंटू निवासी बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी व्यक्ति धर्मशाला में एक ज्वैलरी शाप पर कारीगर का काम करता है।
विजिलेंस आरोपी व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। आरोपी व्यक्ति को वीरवार को धर्मशाला कोर्ट में पेश किया जाएगा। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक बिमल गुप्ता ने टिकट की कालाबाजारी की पुष्टि की है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोगराज ने बताया कि विजिलेंस को आईपीएल की टिकटों की कालाबाजारी होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर विजिलेंस की एक विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ने का जाल बिछाया गया।
विजिलेंस ने आरोपी व्यक्ति से 300 रुपए मूल्य वाली पांच और 800 रुपए मूल्य वाली 9 टिकटों समेत कुल चौदह टिकटें बरामद की हैं। 300 रुपए वाली टिकट को आरोपी 1200 रुपए तथा 800 रुपए वाली टिकट को 2500 रुपए में बेच रहा था।
एएसपी ने बताया कि विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कहा कि आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।