क्रिकेट में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच अजीब ढंग से रन या गेंद डालने की होड़ लग चुकी है। बल्लेबाजी की बात करें तो स्विच हिट और अन्य अजीबोगरीब शॉट्स बल्लेबाज खेलते आए हैं जबकि गेंदबाजी में गजब का मिश्रण देखने को मिला है। विश्व में कई ऐसे गेंदबाज हो चुके हैं, जो दोनों हाथों से गेंदबाजी करने का कमाल कर चुके हैं।
अब एक ऐसे गेंदबाज का वीडियो सामने आया है, जिसने पूरा चक्कर लगाकर गेंद डाली। जी हां, इस गेंदबाज ने 360 डिग्री घूमने के बाद गेंद डाली। पूर्व भारतीय कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें गेंदबाज पहले पूरी तरह घूमा और फिर गेंद डाली।
इस गेंदबाज का नाम शिवा सिंह है, जो उत्तर प्रदेश का है। अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ शिवा ने इस अनोखे एक्शन के साथ गेंदबाजी की। पिछले सप्ताह हुए इस मुकाबले में शिवा ने गेंद डालने से पहले 360 डिग्री का चक्कर लिया और दांए हाथ के बल्लेबाज को लेग स्टंप लाइन पर गेंदबाजी की।
वीडियो में दिख रहा है कि अंपायर ने इसे डेड बॉल करार दिया, जिस पर उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी खासे नाराज दिखे। टीम का तर्क था कि अगर बल्लेबाज अजीब अंदाज में घूम सकता है तो कोई गेंदबाज क्यों नहीं। खिलाड़ियों की बात सुनने के बाद अंपायर विनोद शेहशान ने लेग अंपायर रवि शंकर से बातचीत की और इसे डेड बॉल करार दिया।
याद हो कि 2016 आईपीएल में कैरेबियाई ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की गेंद पर भी विवाद हुआ था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में अजीब एक्शन से गेंद डाली थी। रसेल ने अपने एक्शन में पहले रुकने की एक्टिंग की और फिर अचानक की गेंद डाल दी। शेन वॉटसन ने ये गेंद खेली तक नहीं और वह दंग रह गए।