मौजूदा दौर में टीम इंडिया के सबसे भरोसमंद बल्लेबाज माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा का आज जन्मदिन है। राजकोट में 25 जनवरी 1988 को जन्में चेतेश्वर शुक्रवार को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज इस मौके पर आइए आपको बताते हैं उनसे जुड़ा एक किस्सा...
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम इंडिया ने सिडनी में चौथा टेस्ट खेला। वहां पहले दिन मैदान पर चेतेश्वर पुजारा का बोलबाला रहा। टीम ने महज 10 रन के स्कोर पर केएल राहुल के आउट होने के बाद वो दूसरे ही ओवर में बल्लेबाजी के लिए आ गए थे। अंत तक वो मैदान पर नाबाद टिके रहे।
मैच के पहले दिन चेतेश्वर पुजारा ने कुल 250 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 16 चौकों की मदद से नाबाद 130 रन बनाए। उन्होंने मयंक अग्रवाल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। हालांकि अगले दिन वे दोहरे शतक से चूक गए।
373 गेंदों की अपनी मैराथन पारी में 193 रन के मुकाम पर उनका अंत हुआ। चेतेश्वर पुजारा को संयम और एकाग्रता से बल्लेबाजी करता देख कंगारू गेंदबाज नाथन लियोन उन्हें यह तक कहने से नहीं चूके कि, ‘बल्लेबाजी करते-करते बोर नहीं हुए अबतक’।
अपने करियर के बेहद शानदार फॉर्म से गुजर रहे पुजारा ने इस मैच में करियर का 18वां शतक लगाया। मैच के दौरान ही वायरल हुए इस वीडियो में पुजारा को आउट कर पाने में नाकाम रहे ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन उन्हें कहते दिखे कि आप इतनी देर से बल्लेबाजी करके थके नहीं हैं क्या?
नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े चेतेश्वर पुजारा इस वीडियो में लियोन के सवाल पर हंसते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो में ये भी बताया गया है कि ये मैच की लाइव कवरेज से जुड़ा नहीं है। हालांकि बाद में लियोन ने ही पुजारा का शिकार किया था।