भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे का समर्थन करते हुए कहा कि जब वह पितृत्व अवकाश पर जाएंगे तो अजिंक्य रहाणे टीम की अगुआई करने की जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाएंगे। कोहली ने कहा कि उनके और रहाणे के बीच रिश्ता ‘भरोसे और आपसी सम्मान’ का रहा है। कोहली ने स्पष्ट किया कि रहाणे उनके द्वारा बनाई गई रूपरेखा का पालन करेगा और जहां तक दोनों का संबंध है तो इसमें कोई अस्पष्टता नहीं है। वह काफी आत्मविश्वास से भरे दिखे। कोहली जाने से पहले रहाणे के लिए मजबूत आधार बनाने पर ध्यान लगाए हैं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल ने विराट कोहली की आक्रामकता पर बयान दिया था। कभी भारत के कोच रहे गुरु ग्रेग ने कोहली को ऐसा गैर-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बताया था, जो ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी जैसा है। अब विराट ने खुद को नए भारत का प्रतिनिधि बताया। जो चुनौतियों के लिए हमेशा तैयार रहता है। बकौल कोहली, 'मैं सिर्फ एक हिंदुस्तानी हूं। मेरा व्यक्तित्व पहले दिन से इस तरह का है। हम इसी तरह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खड़े होते हैं।
विराट ने साफ कर दिया कि हम किसी का मनोबल गिराने या उत्साहभंग करने नहीं आए हैं। बकौल विराट, 'आपको खेल की गरिमा को बनाए रखना होगा, लेकिन आपको यह भी समझना होगा कि दो बराबर ताकत वाली टीम आपस में भिड़ रहीं हैं, ऐसेे में प्रतिस्पर्धा तो उतनी ही कठिन होने वाली है, जैसी हमेशा होती है। हमारी मानसिकता दृढ़ संकल्प के साथ खेलने की है। हम स्वार्थी नहीं होना चाहते हैं। हम टीम के लिए खेलना चाहते हैं। जब आप ऐसा करते हैं, तो आप बेहतर निर्णय लेते हैं। एक खराब सत्र आपकी लय नहीं बिगाड़ सकता, हमें अपनी योजनाओं का सरल बनाना होगा।'
जल्द ही भारत की प्लेइंग इलेवन भी सामने आने वाली है। विराट ने हालांकि इस बात का खुलासा नहीं किया कि किन 11 खिलाड़ियों के साथ वह मैदान पर उतरने वाले हैं या फिर किन दो खिलाड़ियों को बतौर सलामी जोड़ी मैदान पर भेजा जाएगा और कौन विकेटकीपिंग करेगा। केएल राहुल पर जरूर कप्तान कोहली ने अपने दिल की बात रखी। उन्होंने कहा कि, 'केएल स्पष्ट रूप से एक गुणवत्ता युक्त खिलाड़ी हैं यही कारण है कि वह टीम में वापस अपनी जगह बनाने में कामयाब हो पाए। यह जानते हुए भी कि हमारे पास ओपनिंग के कई विकल्प हैं, उन्हें दल में रखा गया। वह कहां फिट बैठते हैं और कैसे फिट बैठते हैं, एक चर्चा का विषय हो सकता है।
मैदान पर बेहद तनाव होने वाला है। खेल में हमेशा की तरह भावनाएं भी जुड़ जाएंगी, लेकिन मुझे लगता है कि मैदान पर सम्मान भी बना रहेगा। व्यक्तिगत टकराव से मुझे कुछ हासिल नहीं होता। वैसे भी इस साल ने हमें वो सबकुछ दिखा दिया, जो पहले दुनिया ने कभी अनुभव नहीं किया था। शिकायतें रखना व्यर्थ होगा। विराट ने स्टीव स्मिथ और उनके अतीत (बॉल टेंपरिंग कांड) पर भी अहम बयान दिया।