भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज में भारत के कई सीनियर खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं, लेकिन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा हैं। भुवनेश्वर के पास इस सीरीज में एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का मौका है। अगर भुवनेश्वर तीन मैचों की इस सीरीज में चार विकेट ले पाते हैं तो वह टी20 में एक साल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
भुवनेश्वर ने इस साल भारत के लिए 30 टी20 मैच में 36 विकेट लिए हैं। वहीं, इस मामले में आयरलैंड के जोशुआ लिटिल सबसे आगे हैं, जिन्होंने 26 मैच में 39 विकेट लिए हैं। अगर भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में चार विकेट मिलते हैं तो उनके नाम 40 विकेट हो जाएंगे और वह दुनिया के पहले गेंदबाज होंगे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में एक साल में 40 विकेट लिए हैं।
भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट भुवनेश्वर के नाम
भुवनेश्वर कुमार टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 85 टी20 मैच में 89 विकेट अपने नाम किए हैं। भुवनेश्वर इस साल टी20 विश्व कप के दौरान ही टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने। अगर भुवनेश्वर अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं और भारत की टी20 टीम में जगह बनाए रखते हैं तो जल्द ही अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
एक साल के अंदर टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में नेपाल के संदीप लामिछाने दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 38 विकेट लिए हैं। वहीं, श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा, दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी और भारत के भुवनेश्वर कुमार इस मामले पर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 36 विकेट लिए हैं।
टी20 विश्व कप में कुछ खास नहीं कर पाए भुवनेश्वर
टी20 विश्व कप 2022 में भुवनेश्वर कुमार अच्छी लय में नहीं थे। उन्होंने छह मैचों में सिर्फ चार विकेट लिए। भारत के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने एक विकेट लिया था और अगले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ दो विकेट झटके थे, लेकिन इसके बाद अगले चार मैचों में वह सिर्फ एक विकेट ले पाए। यह एकमात्र विकेट भी जिम्बाब्वे के खिलाफ था। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ भवी लय में लौटना चाहेंगे।