भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अवॉर्ड से सम्मानित करने का फैसला किया है। वहीं टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया है।
यह अवॉर्ड 21 नवंबर को बीसीसीआई के आठवें सालाना समारोह में दिए जाएंगे। भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक वेंगसरकर ने 1976 से 1991 तक देश का प्रतिनिधित्व किया है।
कर्नल नाम से मशहूर वेंगसरकर को इस अवॉर्ड के लिए पत्रकार शेखर गुप्ता, बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष शिवलाल यादव, मानद सचिव संजय पटेल की तीन सदस्यीय वाली कमेटी ने चुना है। इस अवॉर्ड के तहत वेंगसरकर को एक स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी और 25 लाख रुपए का चेक दिया जाएगा।
58 वर्षीय वेंगसरकर ने 1975-76 में मुंबई के लिए खेलते हुए ईरानी कप के दौरान रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ शानदार शतक जड़कर सुर्खिया बटोरी थी। वेंगसरकर 1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली तथा 1985 में वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने वाली टीम इंडिया के भी सदस्य रहे। उन्होंने 1987-89 के बीच 10 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी भी की।
जबकि भुवनेश्वर को 2013-14 के लिए पॉली उमरीगर ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत इस 24 वर्षीय तेज गेंदबाज को ट्रॉफी और पांच लाख रुपए दिए जाएंगे।
बीसीसीआई पुरस्कारों का आयोजन भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले शुक्रवार को मुंबई के ताज लैड्स एंड होटल में आयोजित होगा। इससे पहले टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे की रवानगी से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस होगी जिसमें कप्तान विराट कोहली और टीम निदेशक रवि शास्त्री, टीम मैनेजर अरशद अयूब मौजूद होंगे।