निर्णायक मुकाबले में भारत को श्रीलंका पर बड़ी जीत हासिल करनी थी और बीच में आई बारिश्ा से ऐसा लगा कि टीम इंडिया की उम्मीद पर पानी फिर गया। लेकिन भुवनेश्वर ने विपक्षी बल्लेबाजों को अपनी दनदनाती गेंदों में टीम इंडिया की नैया पार लगा दी।
त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद श्रीलंका को बड़े अंतर से हराने के लिए विशाल स्कोर खड़ा करना था।
लेकिन भारतीय पारी में अभी 29 ओवर ही फेंके गए थे कि बारिश ने खेल में बाधा डाल दी।
त्रिकोणीय सीरीज: श्रीलंका से ही फाइनल में भिड़ेगी टीम इंडिया
लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच दोबारा शुरू होने में काफी समय लग गया, जिससे भारतीय पारी को यहीं पर समाप्त घोषित कर दिया गया।
श्रीलंका को मिली मुश्किल चुनौती
श्रीलंका को डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर 26 ओवर में 178 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला।
श्रीलंका के लिए यह एक तरह से टी-20 मैच जैसा था लेकिन इन स्विंग में माहिर भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गजब की गेंदबाजी कर विपक्षी बल्लेबाजों को हक्का-बक्का कर दिया।
भुवी ने अपने दूसरे ओवर की पहली दो गेंदों पर क्रमशः उपुल थरंगा (6) और कुमार संगकारा (0) को पवेलियन की राह दिखाकर भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई।
इस गेंदबाज ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को अपने भंवर में फंसाए रखा और खुलकर खेलने का मौका भी नहीं दिया। इस बीच उन्होंने महेला जयवर्धने (11) को चलता कर दिया। इस समय उन्होंने चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट झटक लिए थे।
साथी गेंदबाजों ने दिया बढ़िया साथ
भुवनेश्वर ने श्रीलंका को जल्द ही एक और झटका दिया और लाहिरू थिरमने (0) को खाता खोले बगैर ही वापस भेज दिया। उन्होंने श्रीलंका के शीर्ष क्रम के सभी चारों विकेट अपने नाम कर लिए।
रैना-जडेजा ने मांगी माफी, बोले 'दोबारा नहीं होगी ऐसी गलती'
मेरठ के इस धारदार गेंदबाज के कहर के बाद साथी गेंदबाजों ने भी अपने काम को बखूबी अंजाम दिया। अपने 16वें वनडे मैच में भुवी ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छह ओवर में एक मेडन के साथ आठ रन देते हुए चार विकेट झटके।
भुवी के बाद रवींद्र जडेजा और ईशांत शर्मा ने दो-दो विकेट झटके। उमेश यादव और आर अश्विन को एक-एक सफलता मिली।
श्रीलंका की पूरी टीम 24.4 ओवर में महज 96 रन बनाकर आउट हो गई। और भारत यह मुकाबला डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर 81 रनों से जीत गया।
अंततः गेंदबाजों के कमाल से भारत फाइनल में पहुंच गया। अब गुरुवार को टीम इंडिया को श्रीलंका से ही खिताबी मुकाबले में भिड़ना होगा।