भारत और आस्ट्रेलिया के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होगी। इससे पहले हेडन ने ऋषभ पंत की तारीफ करते हुए कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। हेडन ने कहा - ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी के अंदर जीत की भूख है और उसकी मसल मेमरी (प्रक्रियात्मक स्मृति) शानदार है। पिछली बार जब वह वहां खेला था तो वह अहम खिलाड़ी रहा था और आस्ट्रेलिया के दर्शकों को भी उसका खेल काफी पसंद आया था।
पंत ने 2022 में गंभीर कार दुर्घटना के बाद क्रिकेट में सफल वापसी की, उन्होंने 2020-21 में आस्ट्रेलिया के दौरे पर भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया था जिसमें उन्होंने 97 और नाबाद 89 रन की शानदार पारियां खेलीं। हेडन ने कहा - पंत का खेल रोमांचक और बेहतरीन रहा था। फिर आपके पास अनुभवी खिलाड़ी जैसे विराट कोहली हैं जो फिर से अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। बल्लेबाजी को देखते हुए मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि भारत आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर उससे भिड़ने के लिए किस तरह की रणनीति बनाएगा।
कई मुख्य खिलाड़ियों की कमी के बावजूद भारत ने आस्ट्रेलिया को हरा दिया था। मेहमान टीम ने शुरुआती एडिलेड टेस्ट में 36 रन पर ऑल आउट होने के बाद वापसी करते हुए 2-1 की जीत से लगातार दूसरी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की। कोहली को एडिलेड मैच के बाद निजी कारणों से स्वदेश लौटना पड़ा था जबकि मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी समेत पांच अन्य खिलाड़ियों को चोट और फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण बाहर होना पड़ा था।
हेडन ने कहा - भारतीय टीम के लिए यह चीज शानदार है कि पिछली जीत के दौरान उनके पास विराट कोहली नहीं थे। गाबा में जिस टीम ने जीत हासिल की थी, वह दूसरे दर्जे के गेंदबाजी लाइन अप वाली टीम थी। उस तरह के आत्मविश्वास की आप इस भारतीय इकाई से उम्मीद कर सकते हैं जो हमारी सरजमीं पर जाकर कहे, हमने पहले भी ऐसा किया है, और हमने इसे अपने मुख्य खिलाड़ियों के बिना किया है जो किसी से कम नहीं है।