बंगलूरू भगदड़ हादसे के पीड़ित सी वेणु ने कब्बन पार्क पुलिस थाने में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रेंचाइजी, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) प्रशासनिक समिति और डीएनए इंटरटेंमेंट लिमिटेड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरसीबी ने मंगलवार को पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। यह इस फ्रेंचाइजी का पहला आईपीएल खिताब था।
बंगलूरू में बुधवार को आरसीबी की जीत का जश्न मनाया गया था। इसके लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन ज्यादा भीड़ आने के कारण स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और इसमें 11 लोगों की मौत हुई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। अब इस मामले को लेकर वेणु नामक पीड़ित ने फ्रेंचाइजी और राज्य क्रिकेट संघ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और भगदड़ के लिए इन्हें जिम्मेदार ठहराया है।
हाईकोर्ट से मिली थी राहत
इससे पहले, कर्नाटक पुलिस ने गुरुवार को आरसीबी, इवेंट मैनेजमेंट फर्म डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और केएससीए के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। जिसके बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ हाईकोर्ट की शरण में पहुंचा था और उन्होंने कोर्ट से चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ मामले में दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की थी। केएससीए को कर्नाटक हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। कोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने पर रोक लगा दी। हालांकि, अब पीड़ित ने इन पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
चार अधिकारियों को हिरासत में लिया गया
इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और इवेंट मैनेजमेंट फर्म डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के चार अधिकारियों को भी हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आरसीबी के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले, डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सुनील मैथ्यू और किरण कुमार से पूछताछ की जा रही है। उनमें से कुछ को कथित तौर पर शहर के बाहरी इलाके केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआईए) से हिरासत में लिया गया था।
जीत का जश्न मातम में बदला
आरसीबी फ्रेंचाइजी ने घरेलू प्रशंसकों के साथ इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने का फैसला किया था। आईपीएल 2025 की चैंपियन आरसीबी की टीम बुधवार को अहमदाबाद से बंगलूरू पहुंची। बंगलूरू पहुंचने पर चैंपियन खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। बंगलूरू एयरपोर्ट से लेकर टीम होटल और कर्नाटक विधानसौधा के बाहर तक प्रशंसकों का भारी हुजूम लगा रहा। कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बंगलूरू एयरपोर्ट पर आईपीएल की विजेता टीम आरसीबी का स्वागत किया। आरसीबी के खिलाड़ियों का विधानसौधा में सम्मान किया गया जिसमें मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और राज्यपाल थावर चंद गहलोत भी मौजूद रहे। आरसीबी की टीम इसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम गई, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही वहां भगदड़ मच गई।