भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चोट से वापसी पर 43.2 ओवर की गेंदबाजी में सात विकेट चटकाने के साथ ताबड़तोड़ 36 रन की पारी खेली जिससे बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में शनिवार को मध्य प्रदेश पर 11 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। बंगाल की टीम की यह मध्य प्रदेश पर पिछले 15 साल में पहली जीत है और इस शानदार प्रदर्शन के बाद शमी का बॉर्डर गावस्कर सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम में शामिल होना लगभग तय हो गया है।
शमी की मौजूदगी ने बंगाल का हौसला बढ़ाया जिससे टीम ने 338 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए मध्य प्रदेश की दूसरी पारी को 326 रन पर समेट दिया। शमी ने दूसरी पारी में 24.2 ओवर में 102 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उन्होंने इस दौरान कुमार कार्तिकेय का विकेट चटकाकर टीम की जीत पक्की की। इस जीत से बंगाल की टीम को छह अंक मिले जिससे टीम कुल 14 अंक के साथ तालिका में हरियाणा (20) और केरल (18) के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गई।
खराब मौसम के कारण बंगाल को शुरुआती दो घरेलू मैचों में अंक साझा करने पर मजबूर होना पड़ा था। बंगाल की टीम आकाश दीप, मुकेश कुमार और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना खेल रही लेकिन शमी की मौजूदगी से गेंदबाजी को पैनापन मिला। शमी ने पहली पारी में 19 जबकि दूसरी पारी में 24.2 ओवर गेंदबाजी की। शमी की गेंदबाजी ने मैच में बड़ा अंतर पैदा किया। शमी को छह-सात ओवर के स्पैल के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। इस मैच को देखने के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ता अजय रात्रा भी मौजूद थे। इस गेंदबाज की फिटनेस पर भारतीय टीम प्रबंधन की भी नजर है।
ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर जाएंगे शमी
भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम से जुड़ेंगे। शमी को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शमी निश्चित की दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पर्थ में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके लिए रोहित शर्मा को छोड़कर टीम के अन्य सभी सदस्य ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी है। माना जा रहा था कि शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से भारतीय टीम में वापसी करेंगे, लेकिन जब टीम की घोषणा हुई थी तो उनका नाम शामिल नहीं था। हालांकि, शमी ने जिस तरह से मैदान पर वापसी की है, उससे चयनकर्ता प्रभावित हुए हैं। शमी अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हैं तो यह भारत के लिए राहत की बात होगी।