स्टोक्स ने क्यों लिया संन्यास?
बेन स्टोक्स ने कहा- मैं इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी वनडे मैच मंगलवार को डरहम में खेलूंगा। मैंने वनडे से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल निर्णय रहा। मैंने इंग्लैंड के लिए खेलते हुए हर मिनट को एंजॉय किया है। यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही।"
उन्होंने आगे कहा कि वह अब वनडे में अपना 100 फीसदी नहीं दे सकते और उनके बाकी साथी टीम में जगह पाने के कम हकदार नहीं हैं। स्टोक्स ने लिखा- तीनों प्रारूप खेलना अब मेरे लिए संभव नहीं है। खासकर जो शेड्यूल रहता है और हमसे जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है, वह काफी थकाने वाला है। मेरा शरीर मुझे निराश कर रहा है, मुझे यह भी लगता है कि मैं एक और खिलाड़ी की जगह ले रहा हूं। यह किसी और क्रिकेटर के लिए क्रिकेट में आगे बढ़ने और कुछ बेहतरीन यादें बनाने का समय है, जैसे मैंने पिछले 11 वर्षों में बनाई है।
स्टोक्स ने कहा- अब मैं अपना सारा ध्यान टेस्ट क्रिकेट में लगाऊंगा। मुझे लगता है कि इस फैसले के साथ मैं टी20 फॉर्मेट में भी पूरी निष्ठा के साथ खेल पाऊंगा। मैं जोस बटलर, मैथ्यू पॉट, सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सफलता की शुभकामनाएं देता हूं। पिछले सात सालों में हमने वनडे क्रिकेट में काफी प्रगति की है और अब भविष्य उज्जवल नजर आता है।
स्टोक्स ने कहा- मैंने अब तक 104 मैच खेले हैं और सभी मुझे बेहद पसंद हैं। मुझे एक मैच और खेलना है और मेरे घरेलू मैदान डरहम में अपना आखिरी मैच खेलना शानदार है। हमेशा की तरह इंग्लैंड के फैंस हर बार मेरे साथ थे और आगे भी रहेंगे। आप दुनिया के सबसे बेहतरीन फैंस हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि हम मंगलवार को जीतें और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार अंदाज में वनडे सीरीज की शुरुआत करें।
2019 वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ स्टोक्स
2019 वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड टीम का हिस्सा रह चुके
स्टोक्स 2019 में इंग्लैंड की टीम के साथ वनडे वर्ल्ड कप जीत चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में उनके बल्ले से ही लगकर गेंद ओवरथ्रो में चौके के लिए गई थी। अंत में यही चौका इंग्लैंड की जीत का कारण बना था। हाल ही में स्टोक्स टेस्ट टीम के कप्तान बने थे।
जो रूट के कप्तानी छोड़ने के बाद उन्हें कप्तान बनाया गया था। बतौर कप्तान अपनी पहली ही टेस्ट सीरीज में उन्होंने इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से जीत दिलाई थी। फिर स्टोक्स की ही कप्तानी में इंग्लैंड ने भारत को एजबेस्टन टेस्ट में हराया था।