बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर बन सकते हैं
- फोटो : सोशल मीडिया
आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए नामित चार खिलाड़ियों के नाम का एलान कर दिया है। इंग्लैंड के दो और दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया के एक खिलाड़ी यह अवॉर्ड जीतने की रेस में शामिल हैं। इंग्लैंड के कप्तान बने स्टोक्स के अलावा जॉनी बेयरस्टो भी यह अवॉर्ड जीत सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा और दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा भी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर बन सकते हैं।
बेन स्टोक्स
बेन स्टोक्स ने इस साल 15 टेस्ट मैच में बल्ले के साथ 870 रन बनाए और 26 विकेट भी झटके। इस साल उन्होंने इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली और 10 में से नौ मैच में जीत हासिल की। स्टोक्स के कप्तान बनने के बाद टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खेलने का अंदाज बदल गया। अब इंग्लैंड की टीम सिर्फ जीत के इरादे से खेलती है और लगातार मैच जीत रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 103 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने इंग्लैंड को जीत दिलाई थी।
जॉनी बेयरस्टो
इंग्लैंड के ही जॉनी बेयरस्टो ने इस साल कमाल की बल्लेबाजी की है और वह भी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर बनने के दावेदार हैं। बेयरस्टो ने इस साल 10 टेस्ट मैच में 1061 रन बनाए हैं। इस साल उनका औसत 66.31 और स्ट्राइक रेट 76 का रहा। इस दौरान उनके बल्ले से छह शतक और एक अर्धशतक निकला। भारत के खिलाफ मैच में उन्होंने 106 और 114 रन की पारी खेली थी और इंग्लैंड को जीत दिलाई थी।
उस्मान ख्वाजा
ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा भी इस साल टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर बनने के दावेदार हैं। उन्होंने 11 मैच में 1080 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी करते हुए ख्वाजा ने 67.50 के औसत से रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच अर्धशतक भी निकले। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के मैच में उन्होंने 137 और 101 रन की पारी खेली थी।
कगिसो रबाडा
दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा भी इस साल टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीत सकते हैं। रबाडा ने नौ टेस्ट मैच में 47 विकेट झटके हैं। इस साल उनका औसत 22.25 और स्ट्राइक रेट 34.1 का रहा। 52 रन देकर पांच विकेट उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा।