इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाफ हालिया सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई कार्यकारी समिति की बैठक मंगलवार को बुलाई गई है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि बैठक में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी और कोच डंकन फ्लेचर के भविष्य पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। हालांकि बीसीसीआई सूत्रों की मानें तो यह एक रूटिंग मीटिंग ही है।
इससे पहले पिछले साल 21 नवंबर को हुई बैठक में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को बीसीसीआई की मुख्यधारा में शामिल करने पर बोर्ड सदस्यों में सहमति नहीं बन पाई थी। अजहरुद्दीन को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने हाल ही में उन पर लगे मैच फिक्सिंग के आरोपों से बरी कर दिया था।
एक सूत्र ने कहा, ‘बीसीसीआई में अजहरुद्दीन के भविष्य को लेकर बोर्ड के सदस्यों में अभी आमराय नहीं है। कार्यकारी समिति अभी तक यह फैसला नहीं कर पाई है कि कोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील की जाय या नहीं। कानूनी टीम अभी भी केस को समझने में लगी है और उन्हें निर्णय के लिए अभी और समय चाहिए।’ बैठक में इस मसले पर भी गंभीरता से विचार होने की संभावना है।