तमिलनाडु सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की मौजूदा चैंपियन है।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने घरेलू टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मैदानों का एलान कर दिया है। इस बार दोनों टूर्नामेंट के नॉकआउट राउंड के मैच कोलकाता और अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे। वहीं, बोर्ड अगले कुछ महीनों में ईरानी कप के दो मैचों का भी आयोजन करेगा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी घरेलू टी20 टूर्नामेंट है। यह 11 अक्टूबर से पांच नवंबर तक खेला जाएगा। वहीं, 12 नवंबर से दो दिसंबर तक वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन होगा। मुश्ताक अली ट्रॉफी में लीग चरण के मैच लखनऊ, इंदौर, राजकोट, पंजाब और जयपुर में खेले जाएंगे। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में लीग चरण के मैच मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, कोलकाता और रांची में आयोजित होंगे।
बीसीसीआई 2020 के बाद पहली पूर्ण घरेलू सीजन का आयोजन कर रहा है। ईरानी कप के दो मैच सीजन की शुरुआत और अंत में होंगे। बीसीसीआई ने अपनी राज्य इकाइयों से साझा किए कार्यक्रम में बताया कि 2020 रणजी चैंपियन सौराष्ट्र एक से पांच अक्टूबर तक शेष भारत की मेजबानी करेगा। वहीं, मौजूदा चैंपियन मध्य प्रदेश अगले साल एक से पांच मार्च तक शेष भारत के खिलाफ खेलेगा।
2020 में कोरोना महामारी के कारण ईरानी कप का आयोजन नहीं हुआ था। महिला क्रिकेट की बात करें तो पहली अंडर-15 वनडे प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 12 जनवरी तक बेंगलुरु, रांची, राजकोट, इंदौर, रायपुर और पुणे खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट का मकसद नई प्रतिभाओं को सामने लाना है। बीसीसीआई के घरेलू सीजन की शुरुआत आठ से 25 सितंबर तक होने वाली दलीप ट्रॉफी के साथ होगी। रणजी ट्रॉफी का आयोजन 12 दिसंबर से 20 फरवरी तक होगा।