भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मुख्य चयन समिति में बदलाव देखने को मिल सकता है। बीसीसीआई ने राष्ट्रीय चयनकर्ता पद के लिए आवेदन मांगे हैं। अजीत अगर के नेतृत्व वाली चयन समिति में कुल पांच सदस्य हैं। फिलहाल एक भी जगह खाली नहीं है। वहीं, किसी भी सदस्य का कार्यकाल भी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में माना दा रहा है कि मौजूदा चयन समिति में से किसी को एक को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
बीसीसीआई ने बताया है कि चयनकर्ता पद के लिए सात टेस्ट और 30 प्रथम श्रेणी मैच खेलने का अनुभव होना जरूरी है। इस पद के लिए 25 जनवरी तक आवेदन भरे जा सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति को 25 तारीख की शाम छह बजे तक आवेदन करना होगा। आवेदन मिलने के बाद बीसीसीआई शॉर्टलिस्ट किए गए आवेदकों को इंटरव्यू के लिए बुलाएगा। फिलाहल इंटरव्यू की कोई तारीख तय नहीं है।
चयन समिति में कौन-कौन हैं?
मौजूदा चयन समिति में अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता हैं। उनके साथ पूर्व ओपनर बल्लेबाज शिव सुंदर दास, पूर्व तेज गेंदबाज सुबर्तो बनर्जी, सलिल अंकोला और पूर्व बल्लेबाज श्रीधरन शरथ हैं। अगरकर को छोड़कर किसी एक की छुट्टी हो सकती है।
उत्तर क्षेत्र का कोई सदस्य नहीं
इसमें सलिल अंकोला का नाम सामने आया है। वह चयन समिति में पश्चिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस क्षेत्र से समिति में दो सदस्य हैं। अगरकर भी पश्चिम क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में अंकोला को पद से हटना पड़ सकता है। उत्तर क्षेत्र से फिलहाल चयन समिति में कोई नहीं है। ऐसे में इस क्षेत्र से किसी का चयन हो सकता है। अगरकर से पहले चेतन शर्मा मुख्य चयनकर्ता थे। एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए टीम का चयन हो चुका है। इसके बाद तीन टेस्ट मैचों के लिए चयन होना अभी बाकी है। उसके बाद चयनकर्ताओं को आईपीएल के मध्य में टी20 विश्व कप के लिए टीम का चयन करना होगा।