भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में फिलहाल टीम की संख्या 10 से बढ़ा कर 12 करने की किसी भी संभावना से इनकार किया है। सैकिया ने इस चर्चा को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे प्रस्ताव पर बोर्ड के भीतर अनौपचारिक स्तर पर भी कोई चर्चा नहीं हुई है। सैकिया ने कहा कि वैश्विक क्रिकेट बाजार में आईपीएल को लेकर बढ़ती दिलचस्पी के बावजूद फिलहाल इसके विस्तार की कोई योजना नहीं है।
सैकिया बोले- आईपीएल के अगले सीजन पर ध्यान
सैकिया ने कहा, 2028 में आईपीएल को 12 टीम का टूर्नामेंट बनाने की संभावना पर हमने औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कोई चर्चा की है। फिलहाल यह हमारे विचाराधीन नहीं है। हमारा ध्यान फिलहाल 2027 में होने वाले आईपीएल पर है जो इसका 20वां सत्र होगा। यह एक बड़ा आयोजन होगा। हम इसी की तैयारियों के बारे में सोच रहे हैं और इसके आगे की किसी योजना पर विचार नहीं कर रहे हैं।
आईपीएल में टीम संख्या बढ़ाए जाने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को भी उन्होंने निराधार अटकलें करार देते हुए स्पष्ट किया, मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वे कुछ लोगों की कल्पनाशीलता से उपजी अटकलें हैं। इन पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी। इन खबरों की कोई प्रामाणिकता नहीं है।
कब होगी आईपीएल की नीलामी?
आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित की जाएगी। यह एक दिवसीय नीलामी होगी, जिसमें सभी फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। आईपीएल की ओर से फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जमा करने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। पहले यह डेडलाइन 15 नवंबर निर्धारित थी, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवें वनडे मुकाबले का दिन भी है। अब टीमें 17 नवंबर तक अपनी अंतिम सूची जमा कर सकेंगी।
फ्रेंचाइजी की ओर से रिटेंशन और रिलीज लिस्ट सौंपे जाने के बाद आईपीएल सभी टीमों को नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों की सूची भेजेगा। इसके बाद टीमें अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट करेंगी। नीलामी से ठीक एक सप्ताह पहले खिलाड़ियों की अंतिम सूची और सेट के क्रम की जानकारी भी फ्रेंचाइजी को उपलब्ध कराई जाएगी।