फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीसीसीआई: कब होगा अगले मुख्य चयनकर्ता के नाम का एलान? दावेदार की दौड़ में कौन शामिल; अगरकर नहीं लेंगे विस्तार

Thu, 24 Sep 2026 10:34 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) फिलहाल मुख्य चयनकर्ता पद के लिए जल्दीबाजी नहीं दिखाएगा। सचिव देवजीत सैकिया का कहना है कि मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने में कुछ समय शेष है और बोर्ड इसके बाद ही कुछ फैसला लेगा।
विज्ञापन
अजीत अगरकर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि पुरुष चयन समिति के अगले चेयरमैन के फैसले के लिए बोर्ड के पास पर्याप्त समय है, क्योंकि अजीत अगरकर का तीन साल का कार्यकाल चार अक्तूबर को समाप्त हो रहा है। अगरकर पहले ही बीसीसीआई को सूचित कर चुके हैं कि वह अपने अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं, जिससे सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के रूप में उनका कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। 
विज्ञापन

अपने फैसले के बारे में बता चुके हैं अगरकर
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने 18 सितंबर को अपना यह फैसला बोर्ड को बताया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने अपने पदाधिकारियों को चयन समिति के भविष्य पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। हालांकि, सैकिया ने कहा कि बोर्ड अगरकर के उत्तराधिकारी की घोषणा करने की जल्दी में नहीं है और उनका अनुबंध समाप्त होने के बाद ही फैसला लेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्थिव पटेल का नाम अगले चयनकर्ता की दौड़ में शामिल है, लेकिन इसे लेकर पार्थिव या बीसीसीआई की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। 

सैकिया ने कहा, जहां तक अजीत अगरकर का संबंध है, उनका कार्यकाल चार अक्तूबर को समाप्त होने जा रहा है और हमारे पास चार तारीख तक पर्याप्त समय है। हम चार अक्टूबर के बाद खाली होने वाले पद के संबंध में निर्णय लेने जा रहे हैं। बीसीसीआई द्वारा कोई भी निर्णय लिए जाने के बाद हम निश्चित रूप से इसे सार्वजनिक डोमेन में घोषित करेंगे।

विश्व कप को देखते हुए अहम होगी नियुक्ति
अगरकर ने चेतन शर्मा के स्थान पर जुलाई 2023 में सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में 2024 में भारत की टी20 विश्व कप जीत और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब शामिल रहा है। बीसीसीआई अब चार अक्तूबर के बाद इस पद को भरने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयार है। चयन समिति के अगले चेयरमैन को एक ऐसी टीम का चयन करना होगा जो 2027 के वनडे विश्व कप में खेलने उतरेगी। यह नियुक्ति भारत की सफेद गेंद की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन

सैकिया को भरोसा- पुरुष टीम जीतेगी स्वर्ण
सैकिया ने एशियाई खेलों में भारत के अभियान के बारे में भी बात की और उम्मीद जताई कि पुरुष टीम जापान में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला टीम का अनुकरण कर सकेगी। सैकिया ने कहा, हमें बहुत गर्व है, पूरा देश महिला टीम की शानदार जीत का जश्न मना रहा है। महिला टीम ने वास्तव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वे एक साल से अधिक समय से अपनी जीत का सिलसिला जारी रखे हुए हैं।

भारत की पुरुष टीम का अभियान 28 सितंबर से शुरू होगा और फाइनल तीन अक्तूबर को निर्धारित है। सैकिया ने आगे कहा, हमें उम्मीद है कि पुरुष भी उसी रास्ते पर चलेंगे जो महिला टीम ने जापान में तय किया है। मुझे उम्मीद है कि देश को तीन अक्तूबर को जश्न मनाने का एक और सुनहरा अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें