अर्जुन पुरस्कारों के लिए बीसीसीआई ने बुधवार को टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और महिला क्रिकेट टीम की अहम खिलाड़ी स्मृति मंधाना के नाम की सिफारिश की। बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने दोनों के नामों की पुष्टि भी की। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलने वाले 32 वर्षीय धवन क्रिकेट के तीनों फॉरमेट में टीम इंडिया का हिस्सा है।
दूसरी ओर स्मृति मंधाना को फैंस पिछले साल आईसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने की वजह से पहचानते हैं। 21 वर्षीय खिलाड़ी ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया जिससे वह आईसीसी महिला रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई। इस बीच बोर्ड ने विश्व एकादश टीम के लिए भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक के नाम भेजे हैं। विश्व एकादश टीम 31 मई को लॉर्डस में वेस्टइंडीज के खिलाफ चैरिटी टी-20 मैच में खेलेगी। मौजूदा आईसीसी विश्व टी-20 चैंपियन वेस्टइंडीज की अगुवाई कार्लोस ब्रेथवेट करेंगे।