मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल में जिन दो नई टीमों को शामिल करने का विचार हो रहा है, उनमें अहमदाबाद, कानपुर, लखनऊ और पुणे के नाम शामिल हैं। अहमदाबाद का नाम पक्का माना जा रहा है, जबकि कानपुर, लखनऊ और पुणे में से एक टीम और हो सकती है। कहा ये भी जा रहा है कि अडानी ग्रुप और संजीव गोयंका की आरपीएसजी ग्रुप टीम खरीदने की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि, आईपीएल की दो नई टीमों के मालिक कौन होंगे ये सवाल सभी के लिए काफी दिलचस्प है।
बता दें कि आईपीएल 2021 के बाकी बचे मुकाबले 19 सितंबर से 15 अक्तूबर तक संयुक्त अरब अमीरात में कराए जा सकते हैं। हालांकि, इसके शेड्यूल का एलान होना बाकी है। मालूम हो कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन को चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पां मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।