आईसीसी और बीसीसीआई के बीच रेवेन्यू मॉडल को लेकर विवाद जारी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने प्रस्तावित फॉर्मेट में अतिरिक्त 10 करोड़ डॉलर की पेशकश को ठुकरा दिया है। दुबई में मौजूद बीसीसीआई के सूत्र के अनुसार, "आईसीसी के प्रेजिडेंट शशांक मनोहर ने हमें नए रेवेन्यु मॉडल में 10 करोड़ डॉलर अतिरिक्त देने के पेशकश की थी। उन्होंने हमें समय सीमा भी दी है लेकिन हम इस प्रस्ताव को अस्वीकार करने जा रहे हैं।"
अधिकारी ने कहा कि मनोहर और बीसीसीआई के बीच आपसी विश्वास नहीं है। यह प्रस्ताव शशांक मनोहर द्वारा रखा गया है। भले ही वह प्रेसिडेंट हैं, मगर वह यह तय नहीं कर सकते कि किसको क्या मिलेगा। यह सदस्य देश तय करते हैं कि किसको क्या मिलेगा। बीसीसीआई सभी सदस्य देशों के साथ फॉर्मूले पर काम कर रहा है।
इसी वजह से बीसीसीआई ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी टीम का ऐलान नहीं किया। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई वर्तमान में मौजूद 'बिग थ्री' मॉडल को छोड़ने को तैयार नहीं है।