भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल में खर्चे कम करने को लेकर बड़ा फैसला किया है। बोर्ड ने आईपीएल में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी को खत्म करने का निर्णय लिया है। इससे बीसीसीआई को 30 करोड़ रुपए की बचत होगी। यह फैसला सोमवार को आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के दौरान लिया गया। वहीं एक और बड़े फैसले में यह तय हुआ कि मैच में नो बॉल देखने के लिए चौथे अंपायर की तैनाती की जाएगी।
बीसीसीआई के एक अधिकारी के मुताबिक ओपनिंग सेरेमनी से पैसे की बहुत बर्बादी होती थी और दर्शक भी इसमें ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेते थे।
आईपीएल में पिछले कुछ वर्षो से केटी पैरी, अकॉन और पिट बुल जैसे अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार्स ने आतिशबाजी और लेजर शो के बीच ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म किया है। भारतीय टी-20 लीग यह समारोह बॉलीवुड स्टार्स से भी सजा रहता था। हालांकि 2019 में पुलवामा शहीदों की याद में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन नहीं किया गया था।
इससे पहले 2018 में भी सीओए ने आईपीएल के ओपनिंग सेरेमनी के 50 करोड़ के बजट को घटाकर 30 करोड़ कर दिया था।