उड़ी आतंकी हमले के मद्देनजर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान को दो टूक चेतावनी दे दी है।
उन्होंने साफतौर पर कह दिया है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देता रहेगा तब तक उसके साथ किसी तरह के क्रिकेट रिश्तों का सवाल ही पैदा नहीं होता। इन हालात में भारत के साथ क्रिकेट भूल जाए पाकिस्तान।
बीसीसीआई प्रमुख अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन हालात में द्विपक्षीय सीरीज की किसी बात पर विचार करने की बात भी नहीं सोच सकते। अनुराग ठाकुर बीसीसीआई प्रमुख होने के साथ-साथ प्रादेशिक सेना (टेरेटोरियल आर्मी) अधिकारी भी हैं।
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान सांसद और भाजपा युवा मोर्चे के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर से जब पाकिस्तान के साथ क्रिकेट रिश्तों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो हुआ है उसके बाद इस बारे में विचार करना भी उपयुक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ इस साल कोई क्रिकेट सीरीज प्रस्तावित नहीं है।
ठाकुर ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को 1965, 1971 और कारगिल युद्ध में बुरी तरह परास्त किया है। वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम इंडिया से कभी भी नहीं जीत सका। भारत कभी भी पाकिस्तान को तबाह कर सकता है, लेकिन उसे वैश्विक स्तर पर अलग-थलग करना सबसे महत्वपूर्ण होगा।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में 2008 के आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच पूर्ण द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। पाकिस्तान ने हालांकि दिसंबर 2012 में सीमित ओवरों की संक्षिप्त सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। पिछले साल भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) दिसंबर में भारत के साथ सीरीज खेलने के लिए प्रयास किए थे।