भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी से बात कर सकते हैं। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वे टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेंगे, जबकि पीसीबी इस बात पर अड़ा हुआ है कि वे 'हाइब्रिड' ढांचे में नहीं जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, जय शाह दुबई में आईसीसी अधिकारियों से मिलेंगे और इसके बाद नकवी से फोन पर बात करेंगे जहां वे किसी संभावित निष्कर्ष पर पहुंचने का प्रयास करेंगे।
सुमैर अहमद सैयद मुख्य संचालन अधिकारी नियुक्त
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को सुमैर अहमद सैयद को चैंपियंस ट्रॉफी का मुख्य संचालन अधिकारी नियुक्त किया। हालांकि, अगले साल के शुरू में टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बरकरार है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बोर्ड के इस रुख को दोहराया कि वह टूर्नामेंट की मेजबानी पूरी तरह पाकिस्तान में करना चाहता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को सूचित किया था कि वह भारतीय टीम को 50 ओवर की प्रतियोगिता के लिए पाकिस्तान नहीं भेजना चाहता है।
नकवी ने सैयद को लेकर कही थी यह बात
इस बीच नकवी ने सैयद की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक संगठित पेशेवर बताया। नकवी ने कहा, 'सुमैर प्रशासनिक विशेषज्ञता के धन के साथ एक असाधारण रूप से संगठित पेशेवर हैं। क्रिकेट के लिए उनके अटूट जुनून है। मुझे विश्वास है कि वह खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए एक अविस्मरणीय आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 प्रदान करेंगे।'
सैयद ने मेजबानी को लेकर दिया यह बयान
सैयद ने कहा, 'आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विश्व स्तरीय क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी करने की पाकिस्तान की क्षमता को प्रदर्शित करने, दुनिया भर के खिलाड़ियों और प्रशंसकों का स्वागत करने का वादा करता है ताकि खेल के लिए देश के जुनून और प्रसिद्ध आतिथ्य का अनुभव किया जा सके। तैयारियां पहले से ही अच्छी तरह से चल रही हैं। स्टेडियम के नवीनीकरण का काम पूरा होने वाला है और आईसीसी के साथ महत्वपूर्ण चर्चा चल रही है।