बीसीसीआई ने टीम इंडिया के 3 पूर्व दिग्गजों को अपनी सलाहकार समिति में शामिल कर एक बड़ा फैसला लिया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत रत्न सचिन तेंदुलकर के अलावा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को नई सलाहकार समिति में शामिल कर लिया है। इसके साथ ही ये तीनों बड़े खिलाड़ी अब बीसीसीआई से सीधे तौर से जुड़ गए हैं।
सलाहकार समिति ही बीसीसीआई की राष्ट्रीय चयन समिति का चयन करती है जो टीम इंडिया के खिलाड़ियों को चुनती है। इसके अलावा ये तीनों दिग्गज अब भारत में घरेलू क्रिकेट के स्तर को संवारने और सुधारने की सलाह देंगे।
साथ ही डंकन फ्लेचर की जगह टीम इंडिया के नए कोच के चयन पर अपनी राय भी देंगे। नवनियुक्त समिति टीम इंडिया और बोर्ड के साथ समन्वय भी स्थापित करेगी।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन दिग्गज क्रिकेटरों ने बोर्ड के निमंत्रण को स्वीकार किया है। इससे बोर्ड को भविष्य की चुनौतियों को लेकर बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी। बीसीसीआई ने तीनों दिग्गजों के चयन के बारे में ट्वीट करके जानकारी दी।
Alert - @sachin_rt, @VVSLaxman281 and @SGanguly99 join BCCI Cricket Advisory Committee. Fortunate to avail the services of these legends— BCCI (@BCCI) 1-जून-2015