बीसीसीआई एपेक्स परिषद के सदस्य अंशुमान गायकवाड़ को नहीं लगता कि इस साल टी-20 विश्व कप हो पाएगा। जहां तक निलंबित लुभावनी लीग आईपीएल के आयोजन का सवाल है तो यह देश में कोविड-19 की स्थिति पर निर्भर करेगा। पूर्व भारतीय कोच ने कहा कि क्रिकेटरों को कोरोना से पैदा हुई अनिश्चितता से निपटने के लिए मानसिक रूप से मजबूत होना होगा।
उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी-20 विश्व कप होगा। रही बात आईपीएल की तो अभी इस बारे में नहीं सोच सकते। इसके लिए अक्तूबर-नवंबर की विंडो ही खुली है। इसी दौरान विश्व कप होना है। यदि विश्व कप स्थगित या रद्द होता है तो ही आईपीएल हो पाएगा। पर तब पता नहीं देश में कैसे हालात होंगे।’
बदल जाएगा खेल
उन्होंने कहा, ‘अब क्रिकेट पहले जैसा नहीं रहेगा और ना ही खेलने का तरीका। मैदान पर दर्शक नहीं होंगे और इस तरह से खेलना क्रिकेटरों के लिए काफी मुश्किल होगा। यह बहुत लंबा ब्रेक है और अभी भी क्रिकेट बहाल होने में दो-चार या ज्यादा महीने लग सकते हैं। यह कोई थ्योरी नहीं है कि पढ़कर लिख लिया। आपको अच्छा प्रदर्शन करना होगा। नया क्रिकेट, नई जिंदगी।
खिलाड़ी भले ही कितने भी अच्छे हों, उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहना होगा। यदि वे मानसिक रूप से मजबूत नहीं होंगे तो उनके लिए आसान नहीं होगा। विराट या रोहित कह सकते हैं कि वे मैदान पर लौटकर वैसे ही बल्लेबाजी करेंगे, जैसे पहले करते थे या बुमराह, शमी या इशांत कहेंगे कि उसी तरह से गेंदबाजी करेंगे। ये सब बड़े क्रिकेटर हैं और अब ब्रेक के बाद प्रशंसकों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई होंगी। उन पर खरे उतरने का अतिरिक्त दबाव होगा।’