भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आगामी 2021-22 सीजन के लिए भारत में घरेलू क्रिकेट की तारीखों की घोषणा कर दी। इस सीजन में पुरुष व महिला वर्ग के विभिन्न आयु समूहों में कुल 2127 मैच खेले जाएंगे। सीजन की शुरुआत 21 सितंबर 2021 को सीनियर महिला एक दिवसीय लीग के साथ होगी। इसके बाद 27 अक्तूबर 2021 से सीनियर महिला वन-डे चैलेंजर ट्रॉफी शुरु होगी। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 20 अक्तूबर 2021 से शुरू होगी जबकि इसका फाइनल 12 नवंबर 2021 को खेला जाएगा। रणजी ट्रॉफी 16 नवंबर 2021 से 19 फरवरी 2022 तक तीन महीने की विंडो में खेली जाएगी। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत 23 फरवरी 2022 से होगी, जो 26 मार्च, 2022 तक चलेगी। मालूम हो कि प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी को पिछले सीजन में कोरोना महामारी के कारण रद्द कर दिया गया था। बता दें कि बीसीसीआई को खिलाड़ियों के स्वास्थ और सुरक्षा के साथ घरेलू सीजन की मेजबानी का भरोसा है।