दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 का खिताब जीत लिया है। कोच राहुल द्रविड़ और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए बीसीसीआई ने ईनाम की घोषणा की है। इसके अलावा बीसीसीआई की तरफ से पूरे सहयोगी स्टाफ के लिए भी ईनाम की घोषणा हुई है।
बीसीसीआई की घोषणानुसार सबसे ज्यादा रकम कोच राहुल द्रविड़ के हिस्से में आई है। बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ को 50 लाख रुपये से सम्मानित कर कहा, 'भारत को विश्व विजेता बनाने वाले कोच राहुल द्रविड़ ने जबर्दस्त काम किया और वह इस ईनाम के पूरी तरह हकदार हैं।'
इसके अलावा बीसीसीआई ने सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य के लिए 20-20 लाख रुपये की ईनामी राशि की घोषणा की है। इस पूरे टूर्नामेंट में सहयोगी स्टाफ ने बेहतरीन काम किया है। इसके चलते बीसीसीआई ने हर सदस्य को ईनामी राशि से सम्मानित किया है। इसमें
राहुल द्रविड़ के सहयोगी अभय शर्मा का नाम भी शामिल है।
वहीं
पृथ्वी शॉ की इस युवा ब्रिगेड के प्रत्येक सदस्य को बोर्ड ने ईनाम के रूप में तीस-तीस लाख रुपये देने का वादा किया है। यह ईनामी राशि पूरे स्क्वाड में समान रूप से बटेगी। बता दें कि टीम इंडिया ने अंडर-19 लेवल पर चौथी बार वर्ल्ड कप जीता है।